ग्वालियर में केनरा बैंक के मैनेजर ने 18 करोड़ की धोखाधड़ी की, खंडवा से पुलिस ने गिरफ्तार किया

ग्वालियर. 18 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में फरार पांच हजार रुपए के इनामी केनरा बैंक के तत्कालीन मैनेजर को क्राइम ब्रांच व विश्वविद्यालय पुलिस ने खण्डवा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें पिछले एक माह से देश के कई राज्यों में दबिश दे रही थी लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर निकल जाता था। दो साल में आधा सैकड़ा ठिकानों पर दबिश दी जा चुकी है, पर मंगलवार रात आरोपी के खंडवा में होने का पता चलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस अफसर उससे पूछताछ कर रहे है।

आरोपी की लोकेशन चेन्नई में मिली
वर्ष 2017 में क्राइम ब्रांच व विश्वविद्यालय थाने में केनरा बैंक के तत्कालीन मैनेजर सचिन सोनी पुत्र रमेश सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी पर 18 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार हो गया था और क्राइम ब्रांच व थाना पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। आरोपी को पकड़ने का टास्क पूरा करने के लिए विश्वविद्यालय व क्राइम ब्रांच की दो अलग-अलग टीमें बनाई गईं, जिसमें एएसआई दिनेश सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक अजय शर्मा, जितेंद्र सिंह, आरक्षक विकास सिंह, योगेन्द्र सिंह तोमर, पवन झा, रामवीर सगर को शामिल किया गया। टॉस्क मिलते ही पुलिस टीम को आरोपी की लोकेशन चेन्नई में मिली। टीम उसका पीछा करते हुए पहले चेन्नई पहुंची तो आरोपी यहां से भाग निकला। पुलिस लगातार उसका पीछा करती रही। आरोपी पुणे महाराष्ट्र होते हुए खंडवा पहुंचा था। यहां पुलिस ने उसकी समय पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पर कुल छह मामले दर्ज है, जिसमें एक क्राइम ब्रांच तथा पांच विश्वविद्यालय में दर्ज है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *