ग्वालियर पुलिस 3 राज्यों में तलाश रही एटीएम के लुटेरों
ग्वालियर. एक ही रात में तीन एटीएम काटकर करीब आधा करोड़ रुपए उड़ाने वाले गिरोह की तलाश में क्राइम ब्रांच व पुलिस की तीन टीमें तीन राज्यों में खाक छान रही है। पुलिस अफसरों का मानना है कि वारदात को हरियाणा के मेवाती गिरोह ने अंजाम दिया है और यह गिरोह वारदात के बाद सीधे ना जाकर कभी राजस्थान तो कभी दिल्ली में शेल्टर लेता है जिससे पुलिस के हाथ ना आ सके।
क्राइम ब्रांच की 2 टीमें इंदौर व शिवपुरी रवाना
क्राइम ब्रांच की दो टीमें इंदौर और शिवपुरी रवाना की गई है। हाल ही में यहां पर भी इसी तरह वारदातें घटी है और दोनों ही वारदातों में आरोपी पकड़े गए है। दोनों ही शहरों में पकड़े गए आरोपी हरियाणा के है और मेवाती गिरोह के सदस्य है और उनका भी तरीका एक ही है। इन आरोपियों से पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच की टीमें रवाना हो गई है जिससे ग्वालियर में वारदात को अंजाम देने वालों की पहचान कराई जा सके, क्योंकि इस तरह की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्य एक-दूसरे के संपर्क में रहते है और एक दूसरे के साथ वारदातों को अंजाम देने के लिए जाते हैं।
मेवाती गिरोह पर शक क्यों
जिस तरह शहर में सनसनीखेज तरीके से बदमाशों ने एटीएम काट कर वारदात को अंजाम दिया है इस तरह सिर्फ मेवाती गिरोह ही एटीएम को गैस कटर से काटकर वारदात को अंजाम देता है क्योंकि जरा सा इधर-उधर होने पर रुपए जल सकते है इसलिए पुलिस को इस गिरोह पर शंका है।
एटीएम पर सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं-पुलिस
पुलिस अफसरों का कहना है कि बैंक प्रबंधन एटीएम में 10 से 15 लाख रुपए तक ग्राहकों के लिए भरते है लेकिन सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं और ना तो इन एटीएम पर कोई सुरक्षा गार्ड ही रहते है और ना ही कोई अलार्म सिस्टम है इतना पैसा किसके भरोसे छोड़ रहे हैं।
शहर के सभी एटीएम पर गश्त बढ़ाई
वारदात के बाद आज से पुलिस ने शहर के सभी एटीएम बूथ के आस-पास गश्त बढ़ा दी और सभी प्वाइंट और रात्रि गश्त अफसरों को ताकीद किया था कि हर एक घंटे में अपने-अपने क्षेत्र के एटीएम बूथ पर गश्त कर सुरक्षा जांचें, साथ ही जिन एटीएम बूथ पर गार्ड है उन्हें भी चेक किया जाए।
हमारी टीमें लुटेरों को तलाशने में जुटी
हमारी टीमें दूसरे राज्यों में एटीएम लुटेरों को तलाशने में जुटी है, हमें जल्द सफलता मिलेगी हम कई जिलों के पुलिस अधिकारियों के संपर्क में है।
अभिनव चौकसे, प्रभारी एसपी, ग्वालियर
