बेहतर पुलिसिंग कर मध्‍यप्रदेश की तरक्‍की में सहभागी बनें- डॉ नरोत्‍तम मिश्रा

गृह मंत्री के मुख्‍य आतिथ्‍य में उप पुलिस अधीक्षकों एवं उप निरीक्षकों का भव्‍य दीक्षांत समारोह आयोजित
भोपाल, स्‍वाभिमान से ऊँचा मस्‍तक, अनुशासित कदम, अदम्य साहस से भरा सीना और देशभक्ति के जज्‍बे के साथ जब आर्कषक दीक्षांत परेड आगे बढ़ी तो सभी रोमांचित हो गए। मौका था मध्‍यप्रदेश पुलिस अकादमी भौंरी के परेड मैदान में मध्‍यप्रदेश पुलिस के 42 वे बैच के उप पुलिस अधीक्षकों एवं 91 ए बैच के उप निरीक्षकों के भव्‍य दीक्षांत समारोह का। प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्‍तम मिश्रा ने बतौर मुख्‍य अतिथि दीक्षांत परेड की सलामी ली और खुली जिप्‍सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुराधा शंकर की मौजूदगी में आयोजित हुए दीक्षांत परेड समारोह के बाद परिवीक्षाधीन 25 उप पुलिस अधीक्षक तथा 21 उप निरीक्षक विधिवत रूप से मध्‍यप्रदेश पुलिस की मुख्‍य धारा में शामिल हो गए।
गृहमंत्री डॉ नरोत्‍तम मिश्रा ने सभी प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्‍होंने कहा दीक्षांत समारोह अर्थात दीक्षा, दीक्षा का अर्थ होता है किसी की दी हुई इच्छा। समाज व सरकार की दी हुई इच्छा है कि आप एक स्वस्थ समाज का निर्माण करे अपराधों पर अंकुश लगाये। दीक्षांत परेड में प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों के जोश व जज्‍बे को देखकर हमें भरोसा हो गया है कि आप सब सरकार की उम्‍मीदों पर खरे उतरेंगे और जनता को बेहतर सेवाएँ देने में सफल होंगे। साथ ही प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों का आह्वान किया कि बेहतर पुलिसिंग कर मध्‍यप्रदेश पुलिस का नाम रोशन करें और मध्‍यप्रदेश की तरक्‍की में सहभागी बनें।
उन्‍होंने कहा कि 2003 के बाद मध्यप्रदेश में हमारी सरकार है, जिस समय हम सरकार में आये थे, उस समय कानून व्यवस्था लचर थी। चारों ओर अपराधिक तत्वों का बोलबाला था। मालवांचल में सिमी सर उठा रहा था। गडरिया गिरोह चम्बल में सकिय था, विध्य में ठोकिया। आदिवासी अंचलों में नक्सल सर उठा रहा था। यहाँ तक की सरकार के मंत्री की हत्या कर दी। इन सब संगठित गिरोह का सरकार की दृढ़ इच्छा शक्ति से समाप्त किया। आज मध्यप्रदेश में कोई भी गिरोह सक्रिय नहीं है। हमने नक्सलियों की धर-पकड़ करने वाले 84 पुलिसकर्मियों को कम से पूर्व पदोन्नत किया है। यह हमारी दृढ़ इच्छा शक्ति को दर्शाता है।
समारोह में इनकी भी रही मौजूदगी
अपर मुख्‍य सचिव गृह डॉ राजेश राजौरा, अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण श्रीमती अनुराधा शंकर, अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक अशोक अवस्‍थी, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कल्याण विजय कटारिया सहित अन्‍य वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारी गरिमामयी दीक्षांत समारोह के साक्षी बने। साथ ही प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों के परिजन भी उत्‍साहवर्धन के लिए पहुंचे थे। कार्यक्रम का संचालन  मदन मोहन समर ने किया।
इन्‍हें मिले पुरस्‍कार
मुख्‍य अतिथि ने सर्वश्रेष्‍ठ प्रशिक्षु अधिकारी का पुरस्‍कार संयुक्‍त रूप से उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आरती शाक्‍य एवं उप निरीक्षक सुरेन्‍द्र सिंह को प्रदान किया। इनके अलावा परेड कमांडर राहुल सैयाम व परेड टूआईसी हर्ष नागले को भी प्रथक से सम्‍मानित किया गया। अंत में 11 प्रशिक्षण संस्‍थाओं की वेबसाइट्स एवं ऑनलाईन लर्निंग मेनेजमेंट सिस्‍टम का लोकापर्ण भी किया गया। प्रोफेसर चंद्रप्रभा जैन द्वारा रचित पुस्‍तक का विमोचन भी किया गया। साथ ही उन्‍हें केन्‍द्रीय गृह मंत्री पदक से भी सम्‍मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *