डबरा में होम क्वारंटाइन परिवार बाहर घूमता मिलने पर केस दर्ज और घर को किया सील
डबरा (ग्वालियर). कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये बाहर से आने वाले और कोरोना संदिग्धों को होम क्वारंटाइन किया था लेकिन यह लोग घरों के बाहर और बाजार में बड़े मजे के साथ घूमते पाये जा रहे हैं। शनिवार को भ्रमण पर निकले एसडीएम राघवेन्द्र पांडे के सामने भी इस तरह का मामला सामने आया है। घर के बाहर होम क्वारंटाइन का पर्चा चस्पा होने के बाद भी परिवार के लोग बाहर घूम रहे थे। इसके बाद एसडीएम राघवेन्द्र पांडे ने घर के सदस्यों को अन्दर बन्द कर ताला लगाकर सील कर दिया गया और मामला भी दर्ज किया गया है। होम क्वारंटाइन का उल्लंघन कर बाहर घूमने वालों पर नगर में केस दर्ज होने का पहला मामला हैं।
बाहर घूम रहे थे लोग
शहर में शनिवार को भ्रमण पर निकले एसडीएम राघवेंद्र पांडेय को कमल टॉकीज रोड पर एक मकान के बाहर होम क्वारेंटाइन का फटा हुआ पर्चा चस्पा किया हुआ दिखाई दिया, साथ ही गेट भी खुला हुआ था।
मामले की जानकारी पता की तो हर्ष लालवानी और निकिता लालवानी कुछ दिन पहले ही महाराष्ट्र के जलगांव से लौटे थे। जिसकी जानकारी लगने पर 7 दिन पहले ही दोनों को 14 दिन के लिए होम क्वारेंटाइन किया गया था। लेकिन यह दोनों लोग घर के बाहर घूम रहे थे।
सजा का है प्रावधान
यदि कोई परिवार का व्यक्ति जो कि होम क्वारंटाइन किया गया है और वह घर के बाहर घूमता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ धारा 188, 269 और 270 के तहत प्रकरण दर्ज किये जाने का प्रावधान है और यह गैर जमानती धारायें हैं। इसमें 2 वर्ष तक का कारावास का भी प्रावधान है। इसके अलावा जिस समयावधि तक होम क्वारंटाइन किया गया है तब तक के लिये पूरे घर को सील कर दिया जाता है।
