ढाबा जाने के लिए कर रहे थे रास्ता पार, अज्ञात वाहन ने कुचला, 2 दोस्तों की मौत

ग्वालियर. सड़क पार कर रहे दो दोस्तों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, हादसे में दोनों दोस्तों की मौत हो गई है। एक का शव सड़क पर पड़ा मिला है तो दूसरा उछल कर नाले में गिरा है। घटना रविवार सुबह मुरैना रोड होटल रितुराज के पास की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और शवों को निगरानी में लिया है। पता लगा है कि दोनों मृतक ट्रक चालक हैं। वेयर हाउस पर ट्रक खड़ा करने के बाद वह चाय पीने के लिए रास्ता पार कर ढाबा पर जा रहे थे तभी अज्ञात वाहन उन्हें कुचल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

क्या है पूरा मामला  
पुरानी छावनी थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली थी कि एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि सड़क पर एक युवक की लाश पड़ी है। पुलिस जांच कर रही थी कि तभी एक अन्य युवक की लाश 20 फीट दूर नाले में पड़ी मिली। दोनों युवकों को गंभीर चोटें लगी थी जिससे साफ था कि दोनों किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आए हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक उछलकर नाले में आ गिरा। दोनों शवों को निगरानी में लेकर जांच की तो पता चला कि मृतक ट्रक ड्राइवर व क्लीनर है। मृतकों की पहचान शिवपुरी करैरा निवासी नीरज पुत्र इन्द्रपाल सिंह परिहार, छोटू पुत्र प्रेमा कोरी के रूप में हुई है।

सड़क पार कर रहे थे तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी
पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक नीरज परिहार और छोटू कोरी रात को गाड़ी निकले थे और रविवार सुबह मुरैना रोड पर वेयर हाउस के पास पहुंचे थे। वेयर हाउस में गाड़ी खड़ी कर वह होटल पर चाय पीने जा रहे थे। जब वह सड़क पार कर रहे थे तभी उन्हें अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। जिसमें दोनों की मौत हो गई।

CCTV कैमरों से सबूत की तलाश
ड्राइवर व क्लीनर को कुचलने वाले आरोपी वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस आस-पास लगे CCTV कैमरे खंगालने शुरू कर दिए है। जिससे पता चल सके कि किस वाहन ने उन्हें टक्कर मारी है। फिलहाल पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *