निडिल फ्री कोरोना वैक्सीन की सप्लाई शुरू, फिलहाल 7 राज्यों में किया जाएगा इस्तेमाल
नई दिल्ली. कोरोना वायरस से बचाव के लिए एक और वैक्सीन ZyCoV-D की सप्लाई शुरू हो गई है। खास बात ये है कि यह वैक्सीन निडिल फ्री है यानी इसे लगाने के लिए किसी प्रकार की सुई चुभने का दर्द सहन नहीं करना होगा। हालांकि अब तक बाजार में आई अन्य कोरोना वैक्सीन की तरह इसके दो नहीं बल्कि तीन डोज लगाए जाएंगे। यह दुनिया की पहली ऐसी वैक्सीन है, जो डीएनए बेस्ड और निडिल फ्री है।
इस वैक्सीन को अहमदाबाद की फॉर्मा कंपनी जायडस कैडिला ने तैयार किया है। बुधवार से कंपनी ने इसकी सप्लाई केंद्र सरकार को शुरू कर दी। केंद्र सरकार ने फिलहाल इसकी 1 करोड़ डोज का ऑर्डर दिया है। यह वैक्सीन उन लोगों को लगाई जाएगी जिन्हें अब तक किसी भी वैक्सीन का एक भी डोज नहीं लगा है।
उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब समेत सात राज्यों को सप्लाई शुरू
कंपनी ने ZyCOV-D वैक्सीन की सप्लाई केंद्र सरकार के साथ ही सात राज्यों को भी इसकी सप्लाई देनी शुरू कर दी है। इन राज्यों में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, पंजाब और झारखंड शामिल हैं। कंपनी इसे जल्द ही खुले बाजार में मेडिकल स्टोर्स पर भी बिक्री के लिए उतारेगी। इसकी कीमत 265 रुपए रखी गई है, जबकि 93 रुपए का एप्लीकेटर (इस वैक्सीन को लगाने वाला उपकरण) अलग से खरीदना होगा। इस तरह इसकी कुल कीमत 358 रुपए रहेगी।
