केंद्रीय बजट से तय होगी शिवराज सरकार के बजट की दिशा

भोपाल. मार्च में प्रस्तुत होने वाले मध्य प्रदेश सरकार के बजट की दिशा केंद्रीय बजट से तय होगी। सिंचाई परियोजना, जैविक खेती, गांव और शहर में आवास, छोटे उद्योगों के विकास, निवेश प्रोत्साहन और अधोसंरचना विकास के कामों पर फोकस रहेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को आगामी बजट को लेकर अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और विभाग प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। इसमें केंद्रीय बजट का अधिक से अधिक लाभ उठाने की कार्ययोजना पर चर्चा करके बजट में प्रविधान किए जाएंगे। वहीं, भाजपा विधायक दल की बैठक में भी बजट को लेकर सुझाव लिए जाएंगे।

केंद्रीय बजट में केन-बेतवा लिंक परियोजना के लिए प्रविधान किया गया है। पूंजीगत व्यय के लिए भी इस बार अधिक राशि मिलेगी।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमइ) को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त ऋण दिया जाएगा।
मध्य प्रदेश में एमएसएमइ को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से स्वरोजगार के लिए युवाओं को प्रेरित किया जा रहा है। बजट में इसे बढ़ावा देने के लिए प्रविधान किया जा सकता है।
नए औद्योगिक विकास केंद्र और क्लस्टर विकसित करने के लिए उद्योग और एमएसएमइ विभाग को अतिरिक्त राशि दी जाएगी।
वित्त विभाग के अधिकारियों के अनुसार केंद्रीय योजनाओं के बजट को देखते हुए राज्य सरकार अपना अंशदान बजट में रखेगी।
प्रधानमंत्री ग्रामीण और शहरी आवास, मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता ऋण योजना, जल जीवन मिशन के लिए पर्याप्त राशि रखी जाएगी।
प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए अलग से बजट प्रविधान किया जाएगा।
इस बार विधायकों को अपने क्षेत्र में 15 करोड़ रुपये तक के काम करने के लिए प्रस्ताव मांगें गए हैं। इन्हें विभागीय बजट में शामिल किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *