ग्वालियर में कांग्रेसियों की करतूत से सब इंस्पेक्टर झुलसा, कमर और सीना झुलसा, पेट्रोल भी फेंका था
ग्वालियर. सोमवार दोपहर CM का पुतला दहन रोकने के दौरान एसआई झुलस गए। कांग्रेसियों ने उनके मुंह पर जलता पुतला फेंक दिया और पेट्रोल भी उछाला। इससे एसआई का कमर और सीना पूरी तरह जल गया। 70 साल पुरानी सब्जी मंडी को तोड़ने और कांग्रेस नेता सुनील शर्मा की गिरफ्तारी पर आक्रोशित कांग्रेस व NSUI ने हंगामा करते हुए पुतला दहन किया था। ऊर्जा मंत्री व केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री का पुतला प्रदर्शनकारी जला चुके थे। जब सीएम का पुतला जला रहे थे तो पुलिस सब इंस्पेक्टर (SI) दीपक गौतम ने उनको रोकने का प्रयास किया था।
SI के मुंह पर जलता हुआ पुतला फेंका
SI दीपक ने पुतला छीनना चाहा तभी आक्रोशित कार्यकर्ता ने उनके मुंह की तरफ जलता हुआ पुतला फेंक दिया था। इस पर पुलिस अफसर की वर्दी में आग लग गई और वह बुरी तरह झुलस गए। कुछ स्थानीय लोगों ने आग को बुझाया। पुलिस अफसर को जलते देखकर प्रदर्शनकारी वहां से भाग निकले। उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल पुलिस अफसर के मजिस्ट्रेट बयान भी दर्ज हो गए हैं।
SSP बोले दोषियों को छोड़ेंगे नहीं
एसएसपी ग्वालियर अमित सांघी ने बताया कि हमारे एक पुलिस कर्मी ने जब प्रदर्शनकारियों को रोकना चाहा तो उस पर ही जलता हुआ पुतला फेंक दिया गया है। ऐसा झुलसे सब इंस्पेक्टर ने मुझे बताया है। मजिस्ट्रेट ने भी बयान लिए हैं। इसके बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा।
