मुरार नदी में रमौआ से जड़ेरुआ बांध तक बिछाए जाएंगे पत्थर, नदी के दोनों ओर फुटपाथ तैयार किए जाएंगे

ग्वालियर. मुरार नदी के जीर्णोद्धार के लिए रमौआ से लेकर जडेरूआ बांध के बीच पत्थर बिछाए जाएंगे। इससे नदी की गंदगी कम होगी और जल स्तर भी बना रहेगा। मुरार नदी के दोनों ओर फुटपाथ तैयार किए जाएंगे और कोई गंदगी न फेंक सके इसके लिए पुलों पर जालियां लगाई जाएंगी। इस नदी में मिलने वाले नालों को मिलने से रोकने के लिए नगर निगम आवश्यक कदम उठाएगा।

केंद्र सरकार द्वारा 39.24 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए
यह निर्णय जल शक्ति मंत्रालय के नमामि गंगे प्रोजेक्ट के केंद्रीय दल और निगम अफसरों ने संयुक्त सर्वे के दौरान लिए। इस नदी के जीर्णोद्धार के लिए केंद्र सरकार द्वारा 39.24 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए गए है जिससे यह कार्य कराया जाएगा। जल शक्ति मंत्रालय के नेशनल मिशन फार क्लीन गंगा के अंतर्गत मुरार नदी के जीर्णोद्धार के लिए केंद्रीय दल सोमवार शाम को ग्वालियर पहुंच गया था। इस दल ने मंगलवार को मुरार नदी का निरीक्षण किया। अब कंसल्टेंट तथा अफसरों से चर्चा कर रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी।

प्रोजेक्ट की डीपीआर को फाइनल कर दिया गया है। इसका विस्तृत मैदानी सर्वे किया गया। इस शीघ्र ही इस परियोजना के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। इस निरीक्षण के दौरान केंद्रीय दल के साथ नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, सिटी प्लानर पवन सिंघल, नोडल अधिकारी शिशिर श्रीवास्तव, अजय शाक्यवार मौजूद थे। मुरार नदी को संवारने के इससे पहले भी कई बार प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं, लेकिन धरातल पर अब तक कोई काम नहीं हाे सका है। वहीं स्वर्ण रेखा नदी में भी साफ पानी का सपना अब तक साकार नहीं हाे सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *