पूर्वमंत्री प्रधुम्नसिंह के बेटे ने सिपाही को धमकाया, प्रधुम्नसिंह ने माफी मांगी
ग्वालियर. ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक पूर्वमंत्री प्रधुम्नसिंह तोमर के बेटे रिपुदमन सिंह का ग्वालियर में पुलिसकर्मियों को हड़काते हुए वीडियो सामने आया है। 5 मिनट के इस वीडियो में पूर्वमंत्री का बेटा पुलिस कर्मियों को हड़का रहा है। इस बीच वह फोन लगाकर एक सिपाही का नाम लेकर उसे बंगले बुलाने की धौंस दे रहा है। इस पूरे वीडियों में पुलिसकर्मी पूर्वमंत्री के बेटे सामने गिड़गिडाते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडिया बुधवार की दोपहर का बताया जा रहा है।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिये पूरे शहर में लॉकडाउन लगा हुआ है। चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। बिना मास्क लगाये और बेवजह बाहर निकल रहे लोगों पर पुलिस कार्यवाही कर रहे थे। बुधवार की दोपहर पूर्वमंत्री प्रधुम्नसिंह तोमर का बेटा रिपुदमन सिंह हाईवे पर बिना मास्क लगाये एक्टिवा से घूमता दिखाई दिया।
पिता का नाम लेकर धमकाया बेटे ने
पुलिस ने जब उसे रोका और लॉकडाउन का हवाला देकर मास्क नहीं लगाने और घूमने का कारण पूछा और इतना पूछते ही पूर्वमंत्री के पुत्र का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने अपना परिचय देते हुए पुलिस को हड़काना शुरू कर दिया । इतने में एक पुलिसकर्मी ने वीडियो बनाना शुरू किया तो पूर्व मंत्री का पुत्र उससे कहता है कि तू फोटो खींच रहा है तेरा फोटो मैं खिचवा दूंगा । उसने पुलिस को अपना परिचय दिया। इस पर पुलिसकर्मी सहमे और वह बचाव की मुद्रा में आ गये। वह बार बार उसे घर जाने के लिये कहते रहें। इस दौरान रिपुदमन ने किसी को फोन लगाया और एक सिपाही का नाम लेकर बंगले पर बुलाने के लिये कहा।
पूर्वमंत्री के पुत्र के आगे गिड़गिडाया पुलिसकर्मी
लगभग 5 मिनट तक पूर्वमंत्री का पुत्र बार बार पुलिसकर्मियों को धमकाता रहा । इस दौरान बार बार पुलिसकर्मी यहीं कहते रहे कि हम पहचानते नहीं थे। इसलिये अनजाने में गलती हो गयी। लेकिन, रिपूदमन पुलिस को धौंस दिखाता रहा। काफी मिन्नतों के बाद पुलिस ने उसे मास्क दिया और घर के लिये रवाना किया।
