ग्वालियर में सीएमएचओ ने जारी की नई गाइडलाइन, गर्भवती के लिए प्रसव से 5 दिन पहले कोरोना की जांच अनिवार्य
ग्वालियर. कोरोना वायरस के मद्देनजर ग्वालियर में नई गाइडलाइन जारी की गई है जिसमें साफ कहा गया है कि गर्भवती महिला को प्रसव से 5 दिन पहले अपनी कोरोना संक्रमण की जांच करानी होगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एसके वर्मा के अनुसार चिन्हांकित क्लस्टर्स एवं कंटेनमेंट क्षेत्र में निवास करने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए जांच कराना अनिवार्य है।
सीएमएचओ ने बताया कि गाइडलाइन के अनुसार गर्भवती महिलाओं को जांच हेतु उनके सैंपल संबंधित संस्था जहां वे प्रसव कराना चाहती है वहां देने होंगे। सीएमएचओ ने जिले के सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि ऐसी प्रसूता जो कि कोविड-19 के अंतर्गत क्लस्टर्स/केन्टोनमेंट एरिया निवासी हों व हॉटस्पॉट जिले से आई है उन्हें जांच कराने के लिए प्रेरित करें ताकि जांच के जरिये उन्हें व उनके होने वाले बच्चें को स्वस्थ रखने में सफलता मिल सके।
