ग्वालियर में करोड़ों रु. का बर्न यूनिट बना आइसोलेशन वार्ड, 61 सैंपल आए निगेटिव
ग्वालियर. जयारोग्य अस्पताल में करोड़ों रुपयों से तैयार होने वाले बर्न यूनिट को आइसोलेशन वार्ड बना दिया गया है। जहां पर कोरोना संदिग्धों को भर्ती रखकर उपचार दिया जाएगा। वार्ड में बिजली फिटिंग, कूलर, पंखे लगवा दिए गए है साथ ही उसमें 26 पलंग भी डाल दिए गए है बाकी के पलंग मंगलवार को लगा दिए जाएंगे। कुल 45 पलंग बर्न यूनिट में डाले जाने है जिनके बीच की दूरी साढ़े तीन फिट रखी जा रही है साथ ही 61 सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई है। उधर दिल्ली से आए कोरोना पॉजिटिव मरीज के 8 परिजनों के सैंपल लेकर उन्हें श्याम वाटिका में क्वारंटाइन किया गया है। कुल 109 सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
इंदौर, राजस्थान, दिल्ली, नोयडा, गुना व अन्य हॉटस्पॉट से आने वाले लोगों को रामकृष्ण हॉस्पिटल, केयर एण्ड क्योर हॉस्पिटल में रखा गया। रामकृष्ण हॉस्पिटल से 7 और केयर एण्ड क्योर हॉस्पिटल से 8 लोगों के सैंपल लिए गए। जिला अस्पताल की टीम ने कुल 65 लोगों के सैंपल लिए जबकि बाकी के सैंपल जयारोग्य अस्पताल की कोल्ड ओपीडी में लिए गए।
