करणी माता के दर्शन कर लौट रहे मप्र के 12 लोगों की सड़क हादसे में मौत, 12 सीटर जीप में 18 लोग सवार थे
नागौर. राजस्थान में नागौर स्थित श्रीबालाजी के पास मंगलवार सुबह भीषण हादसे में मध्यप्रदेश के 12 लोगों की मौत हो गई है, 6 की हालत गंभीर है। नोखा बाइपास पर एक तूफान जीप और ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर हुई इसके बाद हाईवे पर काफी लंबा जाम लग गया है। सभी मृतक मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के घटिया पुलिस स्टेशन के गांव सज्जन खेड़ा व दौलतपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जीप ओवरलोड थी
बताया जा रहा है कि 12 सीटर जीप (तूफान) में 18 लोग सवार थे। ये सभी लोग रामदेवरा में दर्शन करने के बाद देशनोक करणी माता के दर्शन कर मध्य प्रदेश जा रहे थे इस बीच नागौर से नोखा की तरफ जा रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
8 की मौके पर ही मौत, 3 ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ा
बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे ट्रेलर ने जीप को टक्कर मार दी। यह हादसा इतना दर्दनाक था कि मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई। तीन लोगों ने अस्पताल जाते वक्त दम तोड़ दिया और एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। कई लोगों के शव जीप में ही फंसे रहे। हादसे के दौरान स्थानीय लोग वहां पहुंचे और पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।

