राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने गोपाल आदिवासी के घर पहुँचकर पारंपरिक भोजन ग्रहण किया
अमरगढ़ गाँव. भ्रमण के दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने गोपाल आदिवासी के घर पहुँचकर दोपहर का भोजन ग्रहण किया। सहरिया जनजाति परिवारों की लोकप्रिय डिश स्थानीय भाजी सहित अन्य पारंपरिक सब्जियां व चपातियाँ भोजन में शामिल थीं। भोजन करने के बाद राज्यपाल पटेल ने गोपाल आदिवासी व उनके भतीजे बंटी आदिवासी के बच्चों को स्नेहपूर्वक टॉफियाँ और फलों की टोकरी भेंट की।
राज्यपाल ने इन्हें बाँटी सहायता
अमरगढ़ में आयोजित हुए कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सहरिया जनजाति परिवार की श्रीमती राजकुमारी, श्रीमती सरस्वती व श्रीमती नेहा को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, कु. अर्चना व कु. अंशिका को लाड़ली लक्ष्मी योजना, श्रीमती लाली को मुख्यमंत्री श्रमिक प्रसूति सहायता, अमरजीत आदिवासी व मुन्ना आदिवासी को जनजाति कल्याण विभाग की संकटापन्न योजना, श्रीमती गीता को संबल योजना एवं दिव्यांग श्रीमती ऊषा बाई को सामाजिक न्याय विभाग की योजना के तहत ट्राइस्किल प्रदान की।
नन्ही-मुन्ही आदिवासी गायिका खुशबू को दी शाबाशी
अमरगढ़ गाँव के प्रवास पर पहुँचे राज्यपाल मंगुभाई पटेल का स्वागत ग्रामीणों द्वारा कर्णप्रिय एवं सुमधुर गीतों के संगीतमय गायन से किया। गीत मंडली में शामिल छठवीं कक्षा की आदिवासी बालिका खुशबू ने अपनी मधुर आवाज में एक से एक बढ़िया गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। राज्यपाल ने इस बच्ची की हौसला अफ़जाई कर नकद पारितोषिक प्रदान किया।
गाँव वालों से पूछा वैक्सीन लगवाई की नहीं
अमरगढ़ गाँव के रास्ते में मद्दा खो के समीप एक बस्ती में रूककर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने ग्रामीणों से रू-ब-रू होकर उनके हाल-चाल जाने। उन्होंने गाँववालों से पूँछा कि आप सबने कोरोना से बचाव के लिये वैक्सीन लगवाई कि नहीं। इस पर गाँव वाले बोले कि हम सभी ने कोरोना के टीके लगवा लिए हैं। राज्यपाल श्री पटेल ने ग्रामीण बच्चों से पढ़ाई को लेकर भी चर्चा की।

