मप्र. युवा कांग्रेस का प्रदर्शन- महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में सीएम घेराव करने पहुंची पुलिस कार्यकर्त्ताओं को घसीट-घसीट कर ले गयी, लाठीचार्ज में 50 से अधिक घायल, विधायक जयवर्द्धन सिंह कपड़े फटे
भोपाल. बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में सीएम हाउस का घेराव करने जा रहे मप्र युवा कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं को पुलिस ने पीसीसी से निकलते ही रोक लिया और कार्यकर्त्ताओं को रेडक्रॉस हॉस्पिटल के सामने रोका गया है। यहां पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गयी। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास, विधायक जयवर्द्धन सिंह, कुणाल चौधरी सहित कई नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गये। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिये वाटर कैनन का इस्तेमाल किया जिससे आन्दोलनकारी तितर-बितर कर दिये गये। इस बीच एमएलए जयवर्द्धन सिंह के कपड़े फट गये।
पुलिस ने कांग्रेसियों को घसीट-घसीट कर बस में बैठाया। प्रदर्शनकारियों को कन्ट्रोल करने के लिये पुलिस ने लाठियां भी चलाई। इस दौरान कुछ महिला कार्यकर्त्ता सामने आ गयी। उनका आरोप है, पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया है। वहां महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। पुलिस ने लगभग 300 से 400 कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार भी किया है। सभी कार्यकर्त्ताओं को रातीबड़ ले जाया गया है और बाद में इन्हें कार्यवाही के बाद छोड़ दिया गया।

दिल्ली में देश का अन्नदाता 8 महीने से बैठा
इससे पहले, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर कांग्रेसियों की खासी भीड़ जमा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कहा कि शिवराज सरकार कांग्रेस के घेराव से डर गई है, इसलिए विधानसभा सत्र समय से पहले ही खत्म कर दिया। मध्यप्रदेश बेरोजगारी में नंबर-1 है। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री बंगाल चुनाव में व्यस्त थे और प्रदेश में लोग कोरोना से मर रहे थे।उन्होंने कहा कि दिल्ली में देश का अन्नदाता 8 महीने से बैठा है, लेकिन केंद्र सरकार कुछ नहीं कर रही है। देश में लोग कोरोना से नहीं बल्कि स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से मरे हैं। लोगों को समय पर ऑक्सीजन, बेड और वेंटिलेटर की सुविधा नहीं मिल पाई।

पूरे प्रदेश से आए कांग्रेसी
प्रदेश के हर जिले से युवा कांग्रेस और NSUI के जिलाध्यक्ष अपनी-अपनी टीम के साथ भोपाल पहुंचे हैं। सेवादल संगठन भी ताकत दिखा रहा है। मुख्य संगठक रजनीश सिंह के नेतृत्व में वे शामिल हो रहे हैं।
बैरिकेडि्ंग कर रास्ते रोके, वॉटर कैनन बुलाई
पुलिस ने 74 बंगला, व्यापमं चौराहा, पांच नंबर और विधानसभा रोड पर बैरिकेड्स लगाए हैं। ताकि कांग्रेसी आगे नहीं बढ़ सके। वॉटर कैनन भी आ चुकी है। जिसकी पुलिस ने टेस्टिंग की है। डीआईजी इरशाद वली खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। मुख्यमंत्री निवास जाने वाले दोनों तरफ भी पुलिस तैनात की गई है।

इसलिए कांग्रेस का प्रदर्शन
युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि युवा कांग्रेस के विधानसभा घेराव से प्रदेश की भाजपा सरकार डर गई है। भाजपा सरकार युवाओं और किसानों की आवाज को दबाना चाह रही है। इसे हम सफल नहीं होने देगे। युवा कांग्रेस रूकने वाली नहीं है। त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी के मामले को लेकर युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पीसीसी मुख्यालय पर एकजुट हो रहे हैं। यहां से सीएम हाउस के घेराव के लिए निकलेंगे।
