14 से 19 दिसम्बर तक देश का सर्वाधिक प्रतिष्ठित संगीत महोत्सव “तानसेन संगीत समारोह” 

ग्वालियर – संगीतधानी ग्वालियर के आंगन में देश और दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित संगीत महोत्सव “तानसेन समारोह” के तहत लय, सुर व ताल की सभाएँ सजने की बेला आ गई है। तानसेन समारोह का 102वाँ आयोजन पूरी गरिमा व भव्यता के साथ आयोजित करने के उद्देश्य से शनिवार को संभाग आयुक्त मनोज खत्री की अध्यक्षता में स्थानीय समिति की बैठक आयोजित हुई। ब्रम्हनाद का शीर्षस्थ महोत्सव “तानसेन समारोह” संगीत की नगरी ग्वालियर में 14 से 19 दिसम्बर तक आयोजित होगा। समिति के सदस्यों को भरोसा दिलाया कि बैठक में आए अच्छे सुझावों पर ध्यान रखकर तानसेन समारोह के कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में अधिकाधिक संगीत रसिक पहुँचें। इसके लिये समारोह का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए।
समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लें
बैठक में मौजूद उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से लें और यथासंभव इन सुझावों पर अमल करें। उन्होंने निर्देश दिए कि स्थानीय कलाकारों के चयन के लिए गठित की जाने वाली ज्यूरी निष्पक्ष हो और इसमें दूसरे जिलों के संगीत व कला विशेषज्ञों को शामिल किया जाए। आयोजन स्थलों पर जिला प्रशासन, पुलिस व नगर निगम से संबंधित सभी व्यवस्थायें पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही कहा कि सुर सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में भी समारोह की सभा से संबंधित सभी व्यवस्थायें गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें।
“गमक” में गूँजेगी पार्श्व गायिका साधना सरगम की मखमली आवाज
तानसेन संगीत समारोह की मुख्य सभाओं से एक दिन पहले यानि 14 दिसम्बर की सांध्यबेला में मंगलाचरण स्वरूप हजीरा स्थित इंटक मैदान में उप शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम “गमक” का आयोजन होगा। गमक सभा में देश की सुविख्यात पार्श्व गायिका साधना सरगम की प्रस्तुति होगी। उनके द्वारा गाये गए “पहला नशा पहला खुमार”, “सात समुंदर पार”, “चंदा रे चंदा”, “सलाम ए इश्क”, “अंगना में बाबा” और “दर्द करारा” जैसे फिल्मी गीत संगीत एवं सिने प्रेमियों में खासे लोकप्रिय हुए थे। साधना सरगम जी ने हिंदी के अलावा मराठी, बंगाली, कन्नड़, नेपाली, तमिल व तेलगु सहित कई भाषाओं के गीत गाये हैं। साधना सरगम महाराष्ट्र के विख्यात दाभोल सांगीतिक घराने से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने मात्र 4 वर्ष की आयु में गाना शुरू कर दिया था। जब वे 6 वर्ष की थीं, तभी उन्होंने दूरदर्शन के लिये “सूरज एक, चंदा एक, तारे अनेक” गीत गाया था।
निजी संस्थानों में भी सजेंगीं पूर्वरंग संगीत सभायें
इस साल के तानसेन संगीत समारोह के मुख्य आयोजन से पहले पूर्वरंग की श्रृंखला में 10 संगीत सभायें सजेंगीं। कलेक्टर रुचिका चौहान सहित समिति के अन्य सदस्यगणों ने तानसेन समारोह में अधिकाधिक रसिकों की भागीदारी के उद्देश्य से निजी शिक्षण संस्थानों में भी सभायें आयोजित करने का सुझाव दिया। सदस्यों द्वारा दिए गए सुझाव को ध्यान में रखकर संगीत की नगरी ग्वालियर में इन सभाओं के आयोजन के लिये स्थल चयनित करने के निर्देश उस्ताद अलाउद्दीन खाँ अकादमी  को दिए।
15 दिसम्बर को प्रात:काल पारंपरिक ढंग से एवं सायंकाल होगा औपचारिक शुभारंभ
तानसेन समारोह का औपचारिक आगाज 15 दिसम्बर को होगा। इस दिन सुबह 10 बजे हजीरा स्थित सुर सम्राट तानसेन की समाधि पर शहनाई वादन, ढोलीबुआ महाराज की हरिकथा एवं मीलाद वाचन से समारोह का पारंपरिक शुभारंभ होगा। इस अवसर पर “राष्ट्रीय तानसेन सम्मान” एवं “राष्ट्रीय राजा मानसिंह सम्मान” समारोह भी प्रस्तावित है। हर साल की तरह वादी-संवादी कार्यक्रम भी होंगे। चित्रकला पर केन्द्रित कार्यक्रम व प्रदर्शनी लगाने के लिये भी आयोजन से जुड़े अधिकारियों से कहा गया है।
मुख्य समारोह में 10 संगीत सभाएँ होंगीं, बेहट और गूजरी महल में भी गूँजेंगे सुर
तानसेन संगीत समारोह में इस साल 10 संगीत सभाएं होंगी। पहली सभा 15 दिसंबर को सायंकाल तानसेन समाधि परिसर में बनाए गए भव्य मंच पर सजेगी। इसके बाद हर दिन यहीं पर प्रातः एवं सायंकालीन सभाएं होंगी। समारोह के आखिरी दिन यानि 19 दिसंबर को प्रातःकालीन सभा संगीत शिरोमणि तानसेन की जन्मस्थली बेहट में और इस साल के समारोह की अंतिम संगीत सभा सायंकाल गूजरी महल परिसर में सजेगी।
अन्य खास बातें एवं सुझाव
बैठक में आए सदस्यों के सुझाव पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से समारोह की तिथियों व कलाकारों के बारे में दूसरे प्रदेशों तक भी होगा व्यापक प्रचार ।
तानसेन समारोह के प्रचार के सिलसिले में दिसम्बर माह के पहले हफ्ते में होगी इन्फ्लुयेंसर मीट ।
तानसेन संगीत समारोह में आने-जाने के लिये रसिकों को महाराज बाड़ा एवं अन्य स्थानों पर बस सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।
इस बार वादी-संवादी का आयोजन समारोह से पहले यानि 13 व 14 दिसम्बर को होगा।
सदस्यों के सुझाव पर स्थानीय कलाकारों का चयन प्रतियोगिता के माध्यम से भी किया जायेगा।
संभागीय आयुक्त ने चलित शील्ड के आधार पर प्रतियोगिता आयोजित करने का सुझाव दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *