जांच शुरू होते ही पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर की पोस्ट हटाने लगे, पीएचक्यू ने मांगी सोशल एकाउंट की जानकारी

ग्वालियर. पुलिस की यूनीफॉर्म पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाने और आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करने वाले पुलिसकर्मी अब पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) के रडार पर है। मुख्यालय ने ऐसे पुलिसकर्मियों की जानकारी तलब की है। जिनके वीडियो से पुलिस विभाग की छवि प्रभावित हो रही है। आदेश के बाद ग्वालियर पुलिस ने गोपनीय जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल को इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक एकाउंट तलाशने की जिम्मेदारी दी गयी है।
पुलिस मुख्यालय का यह निर्देश पूरे एमपी के लिये है। इसमें वर्दी पहनकर अनावश्यक रील बनाने, आपत्तिजनक सामग्री अपलोड करने और प्रतिबंधित चीजों का प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान की जा रही है। जांच का दायरा सिर्फ वर्दी में बनाये गये वीडियो तक सीमित नहीं है। प्रतिबंधित सामग्री के साथ बिना वर्दी वीडियो बनाने वाले पुलिसकर्मी भी कार्यवाही के दायरे में आ सकते है।
गोपनीय जांच शुरू होते ही हटाने लगे पोस्ट पुलिसकर्मी
ग्वालियर में साइबर सेल सोशल मीडिया पर सक्रिय पुलिसकर्मियों के अकाउंट और वायरल वीडियो की जांच-पड़ताल कर रही हैं इसमें यह देखा जा रहा है कि किसने वदी में वीडियो बनाये, किन गतिविधियों को प्रदर्शित किया और क्या सामग्री विभागीय मर्यादा के अनुरूप् है। पुलिस मुख्यालय से जानकारी मांगें जाने की भनक लगते ही कुछ पुलिस कर्मियों ने अपने पुराने वीडियो और फोटो हटाना शुरू कर दिया है। विभाग में इसे लेकर हलचल है।
महिला आरक्षक की रील के बाद बढ़ी सख्ती
दीपावली के दौरान ग्वालियर की महिला आरक्षक कुमकुम दुबे की कार्बाइड गन चलाते हुए बनाई गई रील विवादों में आई थी। शासन की ओर से कार्बाइड गन पर प्रतिबंध के बावजूद महिला आरक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामला सामने आने के बाद ग्वालियर एसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया था। इस घटना ने भी पुलिसकर्मियों के सोशल मीडिया इस्तेमाल और वर्दी में बनाए जाने वाले वीडियो पर सवाल खड़े किए थे।
पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की ओर से साइबर ठगी से बचाव, यातायात नियमों और अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए बनाए जाने वाले वीडियो पर प्रतिबंध नहीं है। कार्रवाई का फोकस ऐसे वीडियो पर है, जिनमें वर्दी की गरिमा और विभागीय मर्यादा का उल्लंघन होता है या प्रतिबंधित गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाता है।इस मामले में एएसपी जयराज कुबेर का कहना है कि वे पता करवा रहे हैं कि पीएचक्यू के आदेश में क्या-क्या जानकारी मांगी गई है। फिलहाल उन्हें इसकी पूरी जानकारी नहीं है।
