जीवाजी क्लब – अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला, सचिव के लिए आमने-सामने की जंग

ग्वालियर-शहर के रईसों और रसूखदारों के प्रतिष्ठित जीवाजी क्लब में चुनावी पारा चढ़ने लगा है। 20 दिसंबर को होने वाले चुनाव को लेकर दावेदारों ने अपनी बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। अध्यक्ष पद पर मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है, वहीं सचिव पद पर 2 प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर के आसार हैं। राजू कुकरेंजा के सामने बॉबी गर्ग और यश गोयल ने ताल ठोककर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। दूसरी ओर सचिव पद पर इंद्रजीत कदम और संजय नीखरा आमने-सामने हैं। उपाध्यक्ष पद पर संभाजी अवाड की स्थिति मजबूत बताई जा रही है, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर दीप पाठक बढ़त बनाते नजर आ रहे हैं।
करीब 3200 सदस्य मतदाताओं वाले क्लब में पिछले चुनावों के मतदान पैटर्न को देखते हुए इस बार 1600 -1800 सदस्यों के मतदान करने का अनुमान है। ऐसे में प्रत्याशियों की नजर अपने परंपरागत समर्थकों के साथ नए सदस्यों तक पहुंच बनाने पर है। हालांकि असली चुनौती साइलेंट वोटरों को अपने पक्ष में करने की होगी। 3200 सदस्यों वाले क्लब में अनुमानित 1600-1800 वोट किसी भी प्रत्याशी का गणित बदल सकते हैं। अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले और अन्य पदों पर बनते नए समीकरणों के बीच फिलहाल जीत का दावा करना जल्दबाजी होगी। चुनावी दंगल का अंतिम फैसला 20 दिसंबर को मतपेटियों से निकलेगा।
अध्यक्ष पद: राजू कुकरेंजा के सामने बॉबी और यश की चुनौती
दो बार अध्यक्ष रह चुके राजू कुकरेंजा समर्थकों की आग्रह पर फिर मैदान में उतरे हैं। व्यवसाय और रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े राजू का क्लब में पुराना जुड़ाव और सदस्यों के बीच व्यक्तिगत संपर्क उनकी ताकत माने जा रहे हैं। उनके सामने बॉबी गर्ग ने दावेदारी पेश की है। वहीं समाज में अपनी पकड़ और सामाजिक संपर्क के चलते यश गोयल भी मुकाबले को नया मोड़ दे रहे हैं। बॉबी और यश दोनों के एक ही सामाजिक वर्ग से होने के कारण वोटों का संभावित बंटवारा भी चर्चा का विषय है। इसका सीधा असर अध्यक्ष पद के परिणाम पर पड़ सकता है।
सचिव: इंद्रजीत कदम और संजय नीखरा में सीधी भिड़ंत
सचिव पद पर इंद्रजीत कदम और संजय नीखरा के बीच मुकाबला रोचक होता नजर आ रहा है। क्लब की पुरानी पीढ़ी के सक्रिय सदस्यों में शामिल इंद्रजीत का लंबा जुड़ाव, सौम्य व्यवहार और सिंधिया परिवार से नजदीकी उनकी ताकत मानी जा रही है। सिंधिया स्कूल से शिक्षा और सदस्यों के बीच व्यक्तिगत संपर्क भी उनके पक्ष में है। वहीं संजय नीखरा पिछली बार कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। क्लब के रेशम समाज में उनकी पकड़ और करीब 350 मतदाताओं के समर्थन का दावा इस मुकाबले को महत्वपूर्ण बना रहा है।
उपाध्यक्ष: संभाजी अवाड की मजबूत दावेदारी
उपाध्यक्ष पद पर संभाजी अवाड और हिमांशु डोंटिया के बीच मुकाबला है। फिलहाल संभाजी की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। क्लब से उनका पारिवारिक जुड़ाव और सिंधिया स्कूल ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के सदस्यों के बीच संपर्क उनकी ताकत है। इस समूह के 200 से अधिक वोटों का प्रभाव माना जाता है। पिछली बार चुनाव से पीछे हटने वाले संभाजी इस बार पूरे दमखम से मैदान में हैं। हालांकि उनकी रणनीति और समर्थन का वास्तविक आकलन मतदान के करीब ही हो सकेगा।
कोषाध्यक्ष: दीप पाठक को सहानुभूति का सहारा
कोषाध्यक्ष पद पर दीप पाठक का पलड़ा भारी बताया जा रहा है। पिछले चुनाव में हार के बाद इस बार उन्हें सहानुभूति की हवा मिलती दिखाई दे रही है। क्लब की गतिविधियों, रिवॉल्विंग पूल और व्यवस्थाओं में सक्रिय भागीदारी तथा सदस्यों से व्यक्तिगत संपर्क उनकी ताकत है। उनके सामने संजय मेहता और सिद्धार्थ मेहता के नाम भी चर्चा में हैं। सचिव पद पर जितेंद्र जाधव और अमर अग्रवाल के बीच मुकाबला होने के आसार हैं। पूर्व एग्जीक्यूटिव सदस्य रह चुके धर्मेंद्र के सामने जितेंद्र पहली बार चुनावी मैदान में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *