BJP पिछड़ा वर्ग मोर्चा में मध्यप्रदेश के 4 नेताओं को जगह, समीक्षा गुप्ता राष्ट्रीय कार्यसमिति में शामिल
भोपाल. भारतीय जनता पार्टी के पिछडा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्यों की घोषणा कर दी गई है। इस टीम में मध्य प्रदेश के चार नेताओं को जगह मिली है। इनमें भाजपा के प्रदेश युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष वैभव पवार और ग्वालियर की पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता शामिल है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के अनुमोदन के बाद घोषित की गई टीम में मध्य प्रदेश को प्रतिनिधित्व मिला है। वीडी शर्मा के प्रदेश अध्यक्ष रहने के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे वैभव पवार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही प्रदीप माहौर सोनी को संगठन में सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्यों में मध्य प्रदेश से सीताराम बाथम और ग्वालियर की पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता को शामिल किया गया है।

