VISM काॅलेज में ‘‘विश्वमांगल्य सभा’’ का परिचय एवं संगोष्ठी का हुआ आयोजन

ग्वालियर. VISM ग्रुप आफ स्ट्डीज में ‘‘विश्वमांगल्य सभा’’ के परिचय एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यवक्ता के रूप में पूजा पाठक, राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख, विश्वमांगल्य सभा, नागपूर से उपस्थित रहीं। उन्होंने संगठन के उद्देश्य, विचारधारा एवं समाज में महिलाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।   पूजा पाठक वर्तमान में राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख का दायित्व निभा रही हैं। इससे पूर्व वे मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ में क्षेत्र संगठन मंत्री के रूप में अपनी सेवाएँ दे चुकी हैं। भारत के युवाओं को देश के नागरिक इस नाते हम अपनी भारतीयता को संजोने का कार्य निरंतर करना चाहिए । भाषा, भूषा, भवन, भोजन, भ्रमण और भजन इन 6 स्तम्भ का महत्व भी उन्होंने बताया । उन्होंने बताया कि विश्वमांगल्य सभा वर्ष 2010 में स्थापित एक संगठन है, जो महिलाओं के भीतर निहित ‘‘मातृत्व’’ को जागृत करने, उन्हें सशक्त बनाने तथा संस्कारवान समाज और सक्षम भारत के निर्माण के लिए कार्यरत है। संगठन संस्कार, सामर्थ्य, सदाचार एवं सेवा जैसे चार मूल सिद्धांतों पर आधारित है। इसकी विद्यार्थी शाखा विश्वमांगल्य छात्र सभा छात्राओं में कर्तव्यबोध, देशभक्ति एवं व्यक्तित्व विकास के संस्कार विकसित करने का कार्य करती है।
कार्यक्रम में VISM ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुनील राठौर जी ने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना हम सभी का दायित्व है। समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में माताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि माता ही बच्चों को संस्कार, नैतिकता, अनुशासन एवं जीवन के मूल्यों की पहली शिक्षा देती हैं। सशक्त मातृत्व और संस्कारवान परिवार ही एक सशक्त समाज एवं राष्ट्र की नींव हैं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य वक्ता को शाॅल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर संस्थान की चेयरपर्सन सरोज राठौर, ग्रुप निदेशक डाॅ. प्रज्ञा सिंह सहित समस्त महाविद्यालयों के प्राचार्यगण मौजूद रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *