मैं डब्बा मंत्री हूं, सिंधिया ने युवाओं से कहा- मोबाइल का इस्तेमाल मनोरंजन नहीं, सीखने के लिए करें
ग्वालियर शहर की ऐतिहासिक धरती देशभर से आए युवा विचारकों के वैचारिक महाकुंभ की साक्षी बनी। शनिवार को यंग थिंकर्स फोरम के आठवें संस्करण में 26 राज्यों के 300 चुनिंदा युवा ‘भारतवर्ष का पुनर्जागरण’ विषय पर विचार-मंथन करने जुटे। इस गंभीर वैचारिक मंच पर सबसे ज्यादा सुर्खियां केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के देसी और मजेदार अंदाज ने बटोरीं। युवाओं से रूबरू होते हुए सिंधिया ने जब मोबाइल की लत पर चुटकी ली, तो पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।

मोबाइल को बताया डब्बा
सिंधिया ने मोबाइल को ‘डब्बा’ करार देते हुए युवाओं को नसीहत दी कि दिन में कम से कम दो घंटे इस ‘डब्बे’ से दूर रहें। खुद को मजाकिया लहजे में ‘डब्बा मंत्री’ बताते हुए उन्होंने कहा कि इस यंत्र का इस्तेमाल सिर्फ टाइमपास के लिए नहीं, बल्कि शोध, अपनी क्षमता बढ़ाने और दुनिया के नवाचारों से जुड़ने के लिए होना चाहिए।
युवाओं की सोच देखकर 2047 के भारत पर भरोसा
कॉन्क्लेव के बाद मीडिया से चर्चा में सिंधिया युवाओं की ऊर्जा के कायल नजर आए। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं में सवाल पूछने का माद्दा और गंभीर सोच देखकर यह भरोसा पक्का हो गया है कि 2047 के विकसित भारत की कमान सुरक्षित हाथों में है। इस तीन दिवसीय वैचारिक समागम में कुल 11 सत्र हो रहे हैं। इनमें पद्मश्री डॉ. भरत गुप्त और अभिनेता-लेखक पीयूष मिश्रा समेत 16 दिग्गज वक्ता भारतीय सभ्यता, अध्यात्म, विज्ञान, वैश्विक राजनीति और ‘नैरेटिव वॉर’ जैसे मुद्दों पर युवाओं से संवाद कर रहे हैं। कॉन्क्लेव के डायरेक्टर आशुतोष सिंह ठाकुर के मुताबिक, आयोजन का मकसद नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना और स्वतंत्र चिंतन का मंच देना है।
