ग्वालियर में सांडों का आतंक, कई कारों की छत-बोनट तोड़े; 2 युवक बाल-बाल बचे

ग्वालियर शहर के हजीरा स्थित प्रगति नगर में शनिवार और रविवार की रात आवारा सांडों के आतंक ने लोगों की नींद उड़ा दी। रात करीब 12 बजे तीन से चार सांडों के झुंड ने गली में जमकर उत्पात मचाया। आपसी लड़ाई के दौरान सांडों ने वहां खड़ी कई कारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान गली से गुजर रहे दो युवक भी सांडों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या आए दिन बनी रहती है। रात में बच्चे गली में खेलना तो दूर, बाहर खड़े भी नहीं हो पाते। शिकायत के बाद रविवार सुबह से नगर निगम की टीम सांडों को पकड़ने में जुट गई है।


कई गाड़ियों को बनाया निशाना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 12 बजे सांडों का एक झुंड प्रगति नगर की गली में आ धमका। देखते ही देखते एक घर के सामने दो सांड आपस में भिड़ गए। लड़ाई के दौरान जब एक सांड कमजोर पड़ने लगा, तो जान बचाने के चक्कर में वह गली में खड़ी एक कार के ऊपर चढ़ते हुए दूसरी तरफ कूद गया। इससे कार की छत और बोनट बुरी तरह पिचक गए। इसके बाद बेकाबू हुए सांडों ने गली में खड़ी कई अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया।

गलियों में लड़ते हुए सांड।
रात में निकलना हुआ मुश्किल
सांडों के इस तांडव के वक्त गली से गुजर रहे दो युवक भी इनके बीच फंसते-फंसते बचे। स्थानीय निवासी रविन्द्र सिंह ने बताया कि कॉलोनी के कुछ लोग घरों के बाहर बचा हुआ खाना फेंक देते हैं। इसी खाने की तलाश में रात के समय यहां आवारा गायों और सांडों का जमावड़ा लगा रहता है। हालात यह हैं कि रात में सांडों के डर से लोगों ने घरों से बाहर निकलना तक बंद कर दिया है।
सुबह कॉलोनीवासियों ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई
आधी रात को हुए इस नुकसान और दहशत के बाद रविवार सुबह कॉलोनीवासियों ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद निगम का मदाखलत और गौशाला दस्ता सक्रिय हुआ। रविवार सुबह से ही नगर निगम की टीम इलाके में इन उत्पाती सांडों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *