ग्वालियर में टिकट जांच की खबर से खिड़की पर उमड़ी भीड़, 15 यात्रियों से ₹7,510 जुर्माना वसूला
ग्वालियर. ट्रेन में बिना टिकट सफर करने वालों को जैसे ही टिकट जांच अभियान की भनक लगी वैसे ही रेलवे स्टेशन की टिकट खिडकियों पर यात्रियों की भीड उमडने लगी। जो यात्री अब तक बिना टिकट यात्रा करने का जोखिम उठा रहे थे वे जांच से बचने के लिए टिकट खरीदने की जल्दबाजी करते नजर आए।
ग्वालियर से वीरपुर रेलखंड में चलाए गए अभियान में दिखा ये नजारा
ग्वालियर से वीरपुर रेलखंड में शनिवार को चलाए गए टिकट जांच अभियान के दौरान यह स्थिति देखने को मिली। हालांकि जांच की सूचना मिलने के बाद टिकट खरीदने वालों के बावजूद रेलवे की टीम ने 15 यात्रियों को बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट पर यात्रा करते हुए पकड लिया। इनसे 7510 रुपये जुर्माना वसूला गया।
कम दूरी का सफर बताकर टिकट नहीं लेते कई यात्री
इस घटनाक्रम ने रेलखंड में बिना टिकट यात्रा की प्रवृत्ति और जांच की भनक लगते ही यात्रियों की सक्रियता को सामने ला दिया। दरअसल कई यात्री कम दूरी का सफर बताकर टिकट नहीं लेते या फिर अनियमित टिकट के सहारे यात्रा करते है, लेकिन जब जांच की संभावना बनती है तो यही यात्री टिकट लेने के लिए खिडकी तक पहुंच जाते है। मंडल रेल प्रबंधक अनिरूद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक दिग्विजय सिकरवार के नेतृत्व में टिकट जांच कर्मचारियों के साथ आरपीएफ और जीआरपी के जवान भी मौजूद रहे।
