बुरहानपुर-भिंड कोरोना मुक्त, 22 जिलों में एक भी नया मरीज नहीं
भोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। बुरहानपुर और भिंड जिले कोरोना से पूरी तरह मुक्त हो चुके है। वहीं 22 जिलों में बुधवार को एक भी नया मामला नहीं आया। पॉजिटिविटी रेट घटकर 0.2 प्रतिशत रह गया है, तो रिकवरी रेट बढ़कर 98.5 प्रतिशत हो गया है। संक्रमण के मामले में देश में प्रदेश 28वें स्थान पर आ गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने जनता को सचेत किया है कि हर व्यक्ति अनिवार्य रूप से कोरोना गाइडलाइन का पालन करे।
मंत्रालय में कोरोना की समीक्षा करते हुए गुरूवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश अनलॉक हो रहा है। आर्थिक गतिविधियां भी फिर शुरू हो रही है। ऐसे में सावधान रहें और कोरोना से बचाव के लिए टीका अवश्य लगवाएं। जनता मास्क लगाए, परस्पर दूरी रखे और भीड़ न लगाए। गुरूवार को हुई समीक्षा बैठक में बताया गया कि बुधवार को प्रदेश में 145 नए मामले आए है। प्रदेश के 6 जिलों में पांच या अधिक नए मामले है। इनमें से भोपाल में 42, इंदौर में 34, जबलपुर में 9, विदिशा में 6 और राजगढ़ एवं उज्जैन में पांच-पांच नए मामले आए है। भिंड और बुरहानपुर जिलों में कोरोना का न कोई नया मामला आया न ही कोई एक्टिव मामला बचा है।
इन जिलों में कोई नया मामला नहीं
प्रदेश के 22 जिलों आगर-मालवा, आलीराजपुर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, छतरपुर, देवास, डिंडौरी, गुना, होशंगाबाद, खंडवा, मंडला, नरसिंहपुर, पन्ना, सागर, सतना, शाजापुर, श्योपुर, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में कोरोना का कोई भी नया मामला नहीं आया है।

