Latestअंतरराष्ट्रीयराज्यराष्ट्रीय

फूलबाग स्थित संभागीय ग्रामीण हाट बाजार में खुलेगा कॉफी हाउस

ग्वालियर इंडियन कॉफी हाउस का सुप्रसिद्ध डोसा, सांबर बड़ा व इडली सहित दक्षिण भारतीय व उत्तर भारत के अन्य लजीज व्यंजनों का लुत्फ अब ग्वालियरवासी संभागीय ग्रामीण हाट बाजार में भी उठा सकेंगे। फूलबाग स्थित संभागीय ग्रामीण हाट बाजार में जल्द ही इंडियन कॉफी हाउस खुलने जा रहा है। गुरूवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी किशोर कान्याल की अध्यक्षता में आयोजित हुई संभागीय ग्रामीण हाट बाजार संचालक मण्डल समिति की बैठक में इंडियन कॉफी हाउस खोलने के लिये किराए का निर्धारण कर दिया गया है। संभाग के सबसे बड़े हाट बाजार को ऊँचाईयां प्रदान करने के लिए संचालक मण्डल की बैठक में और भी महत्वपूर्ण फैसले हुए हैं।
ग्रामीण हाट बाजार की आय बढ़ाने के लिए बैजाताल गेट की तरफ बैंकों के 2 नए एटीएम और 3 दुकानें स्थापित करने व सीएसआर मद से राशि प्राप्त करने का निर्णय भी संचालक मण्डल की बैठक में लिया गया। साथ ही हाट बाजार परिसर में कोविड संक्रमण नियंत्रित होने पर व्यवसायिक मेला व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, प्रशिक्षण सत्र तथा अन्य जिलों के समूहों को निर्धारित दर पर दुकानें व परिसर मुहैया कराने का निर्णय भी बैठक में हुआ है। उच्च न्यायालय द्वारा जारी एक आदेश के परिपालन में एक कर्मचारी अरविंद राणा को पुन: नौकरी में रखने संबंधी प्रस्ताव का भी संचालक मण्डल ने अनुमोदन कर दिया है। साथ ही सर्व ग्वालियर का कार्यालय हाट बाजार में खोलने संबंधी प्रस्ताव को संचालक मण्डल ने मंजूरी दी है।
बैठक में जिला पंचायत प्रशासकीय समिति के उपाध्यक्ष शांतिशरण गौतम तथा कप्तान सिंह सहित संचालक मण्डल के अन्य सदस्यगण, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. विजय दुबे व राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रोजेक्ट मैनेजर   समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *