ग्वालियर में कोरोना 0 होने के बाद अब जिम व मॉल अनलॉक होंगे
ग्वालियर. बीते दिन शनिवार की शाम जब सरकारी कोविड बुलेटिन जारी हुआ तो सभी के चेहरे में सुकून भरी मुस्कुराहट बिखर गई। ऐसा इसलिए क्योंकि करीब 121 दिन बाद ऐसा पहली बार था जब ग्वालियर जिले में एक भी कोरोना पॉजीटिव नहीं मिला। वहीं कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत होने की भी खबर नहीं थी।
शून्य के इस आंकड़े को देख जिला प्रशासन ने भी बड़ी राहत की सांस ली लेकिन अब इसी राहत के साथ अनलॉक वन में पाबंदी में लॉक रखे गए जिम व मॉल को भी अनलॉक किए जाने की मांग उठने लगी। खास बात ये है कि आज रविवार दोपहर मुख्यमंत्री द्वारा ली गई क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक मे भी अब सावधानियों के साथ जिम व मॉल को भी अनलॉक किए जाने की मांग रखी गई। लिहाजा माना जा रहा है कि अनलॉक फेज 2 में पिछले दो महीनों से लॉक जिम व मॉल आदि भी जल्द अनलॉक किए जाने के आदेश शासन द्वारा दिए जा सकते है।
वहीं इस बार राहत में सावधानी की जरूरत ज्यादा है। संक्रमण का फैलाव दोबारा ना हो इसके लिए सचेत रहना जरूरी है। कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए मास्क व सोशल डिस्टेंस का पालन करना होगा। इसके अलावा वैक्सीनेशन भी बेहद जरूरी है।

