महाराजपुरा में बरैठा टोल के पास कोल्डड्रिंक के पैसे मांगे तो बदमाशों ने गोलीबारी की
ग्वालियर. महाराजपुरा में बरैठा टोल के पास रहने वाले योगेश शर्मा पुत्र रामनिवास शर्मा व्यवसायी है और उनकी बरैठा हाईवे पर किराने एवं प्रोवीजन स्टोर है। शाम को वह दुकान पर ग्राहकों को सामान बेच रहे थे इस दौरान बदमाश विष्णु और लोके गुर्जर दुकान पर पहुंचे और कोल्डड्रिंक की मांग की। जब व्यापारी ने पैसे मांगे तो विष्णु और लोके ने उससे कहा कि इतनी गर्मी पड़ रही है और तुमकों पैसे पहले चाहिए इसके बाद व्यवसायी को दुकान से खींचकर बाहर निकाला और मारपीट कर दी।
इस दौरान दूसरे लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए सड़क पर फायरिंग कर दी। वारदात का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन इससे पहले ही बदमाश वहां से फरार हो गए। पुलिसने व्यवसायी की शिकायत पर फायरिंग करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बदमाश घर से गायब
एफआईआर दर्ज करने के बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने गोली चलाकर दहशत फैलाने वालों की तलाश में दबिश दी लेकिन हमलावर अपने घरों से गायब मिले। पुलिस ने हमलावरों के कुछ करीबियों को थाने में बैठा रखा है।

