सड़क दुर्घटना में 3 की मौत और 3 घायल
ग्वालियर/शिवपुरी. रेड्डी चौराहे से आधा किमी आगे पिछोर-बामौरकलां रोड पर सोमवार को ट्रक ने 5 लोगों को कुचल दिया। पैदल जा रहे पति-पत्नी और 2 बच्चों को देखकर परिचित मोटरसाईकिल सवार रूक गया और सड़क किनारे खड़े होकर बात करने लगा था तभी तेज रफ्तार ट्रक आया और पांचों को कुचलता हुआ चला गया।सड़क दुर्घटना में पिता व पुत्री समेत कुल 3 लोगों की मौत हो गयी है। जबकि दुर्घटना में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल है घायलों को उपचार के लिये झांसी के लिये रैफर किया गया हैं।
क्या है पूरा मामला
राजू पुत्र हेमराज लोधी निवासी खिरकिटि अपनी पत्नी कृष्णा लोधी, बेटी सृष्टि 12, बेटा सक्षम लोधी 9, के संग पैदल जा रहा है। रेड्डी चौराहे से आधा किमी आगे भरका नाला के पास उसे मोटरसाईकिल सवार अरबिंद 28, निवासी कुम्हर्रा मिल गया। मोटरसाईकिल रोककर दोनों सड़क किनारे खड़े होकर बातें करने लगे। इसी बीच पिछोर की ओर से ट्रक आया और पांचों को कुचल दिया। दुर्घटना में अरबिंद लोधी की घटनास्थल पर मौत हो गयी। गंभीर रूप से घायल राजू लोधी, उसकी पत्नी कृष्णा लोधी, बेटी सृष्टि लोधी और बेटा सक्षम लोधी आनन फानन में झांसी लेकर रवाना हो गये।
रास्ते में पिता और बेटी की मौत, मां-बेटा झांसी भर्ती
इलाज के लिए पति-पत्नी और दोनों बच्चों को ले जाते समय रास्ते में पहले पिता राजू लोधी, फिर बेटी सृष्टि लोधी की मौत हो गई। हादसे में घायल मृतक राजू की पत्नी कृष्णा व बेटा सक्षम लोधी का झांसी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रक सहित भाग निकला। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
बामौरकलां से ट्रक पकड़ लिया है, चालक फरार है
हादसे में एक युवक की घटना स्थल और पिता व बेटी की झांसी ले जाते वक्त मौत हो गई है। हादसे में दो घायलों का झांसी इलाज चल रहा है। ट्रक को बामौरकलां से पकड़ लिया है, लेकिन चालक फरार है।
आलोक सिंह भदौरिया, टीआई, खनियाधाना

