दो दिन के लिए मप्र फिर लॉक हुआ, सिर्फ मेडीकल व अस्पताल खुलेंगे
भोपाल. इंदौर-भोपाल समेत मध्यप्रदेश के सभी बड़े शहरों को अगले दो दिन के लिए लॉक कर दिया गया है। भोपाल रात 8 बजे लॉक हुआ जबकि इंदौर की शाम 5 बजे से ही बंद कर दिया गया। अब मध्यप्रदेश के सभी बड़े शहर सोमवार की सुबह ही खुलेंगे और वैक्सीनेशन के लिए छूट रहेगी बाकी सब बंद रहेगा। वीकैंड लॉकडाउन में भोपाल में 2 दिनों मे दूध डेयरी सुबह 6 से 9 बजे तक और सब्जियां ठेले पर बेचने की अनुमति रहेगी। केमिस्ट व स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित प्रतिष्ठान खुल सकेंगे। यह दिशा-निर्देश जिला प्रशासन अनलॉक के आदेश के साथ ही जारी कर चुका है, अब भोपाल सोमवार सुबह 6 बजे ही खुलेगा।
इंदौर में सोमवार सुबह 8 बजे खुलेगा
इंदौर में शुक्रवार की शाम 5 बजे दुकानें बंद हो गई यहां भी शनिवार-रविवार टोटल लॉकडाउन रहेगा। यहां सोमवार की सुबह 8 बजे बाजार खुलेगा और जरूरी सुविधाओं को छोड़कर किसी को भी आवाजाही की अनुमति नहीं है। वैक्सीन लगाने वालों को छूट है। सुबह 10 बजे तक दूध मिलेगा, शाम को भी 5 से 8 बजे तक छूट दूध के लिए दी है, इसके अलावा सब्जी के ठेले भी नहीं लग सकेंगे।
ग्वालियर सहित अन्य शहरों में भी प्रतिबंध जारी
होशंगाबाद में भी शुक्रवार की रात 10 बजे से कर्फ्यू लग जाएगा, वहीं ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, रीवा, खंडवा और गुना समेत कई जगह शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू रहेगा।
शहर में इनको रहेगी छूट
कोरोना कर्फ्यू में वैक्सीनेशन में शामिल अधिकारियों/कर्मचारियों व वैक्सीनेशन कराने वाले आ-जा सकेंगे। आवश्यक वस्तुओं के परिवहन, औद्योगिक इकाइयों के श्रमिकों/कर्मियों, औद्योगिक कच्चे माल और उत्पाद के परिवहन को अनुमति रहेगी। एयरपोर्ट/रेलवे स्टेशन आने-जाने और परीक्षा/प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने के लिए छूट रहेगी।

