10 हजार की रिश्वत लेने के बाद कंपू टीआई व सिपाही को एसपी ने लाइन अटैच किया
ग्वालियर. गिट्टी से भरे ट्रक को पकड़कर जबरन 10 हजार रुपए वसूलने के आरोप में टीआई कंपू थाना मनीष धाकड़ और एक सिपाही सुनील राजौरिया को एसपी ग्वालियर ने लाइन अटैच कर दिया है। 4 दिन पहले एक ट्रक मालिक ने इन दोनों की शिकायत पुलिस कप्तान से की थी इसके बाद गुरूवार की रात को एसपी ने टीआई और सिपाही को लाइन अटैच करते हुए कहा कि ऐसी हरकत बर्दाशत से बाहर है। वहीं बता दें कि कंपू थाना में बीते 8 महीने में यह तीसरा टीआई है जिनको किसी न किसी कारण से इस तरह हटाया गया है। अक्टूबर 2020 में टीआई केएन त्रिपाठी छेड़छाड़, जानकारी 2021 में टीआई अनीता ग्वालियर से निर्दोष युवको पकड़कर दतिया पुलिस को बिना कार्रवाई देना और अब टीआई मनीष धाकड़ वसूली के आरोप में लाइन भेजे गए है।
क्या है पूरा मामला
बिलौआ निवासी राजेन्द्र जाटव ने दो दिन पहले एसपी ग्वालियर को शिकायत की है। शिकायत में कहा है कि वह नरेश धानुका के साथ साझेदारी में ट्रक एमपी30 एस-0425 चलाता है। 29 से 30 मई की दरमियानी रात ट्रक में बिलौआ से गिट्टी भरकर मुरैना ले जाई जा रही थी। ट्रक चालक रिंकू धाकड़ ट्रक चला रहा था। रात 3.30 बजे करीब चिरवाई नाका पर ट्रक को पुलिस ने रोक लिया। उससे कागजात दिखाने को कहा जिस पर ट्रक चालक ने सारे दस्तावेज टीआई कंपू को दिखा दिए इसके बाद ट्रक चालक रिंकू ने ट्रक ले जाने के लिए इजाजत मांगी तो गश्त पर निकले टीआई व उनके वाहन चालक सुनील ने ट्रक को थाने ले जाने के लिए कहा। उनकी बात मानकर रिंकू ने ट्रक को कंपू थाने के सामने खड़ा कर दिया। इसके बाद ट्रक मालिक राजेन्द्र को सूचना देकर बुलाया। थाना पहुंचन के बाद टीआई कंपू मनीष धाकड़, पुलिस वाहन के चालक सुनील राजौरिया से गाड़ी छोड़ने के लिए कहा और सभी दस्तावेज होने की भी बात कही लेकिन वह नहीं माने। पुलिस वाहन के चालक सुनील ने ट्रक छोड़ने के बदले 10 हजार रुपए की मांग रखी। रुपए नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी उस समय गिट्टी मुरैना सही समय पर पहुंचाना जरूरी था इसलिए रुपए देकर गाड़ी को छुड़ाया। शिकायत के साथ ट्रक मालिक ने पुलिस वाहन के चालक सुनील से अपने साझेदार नरेश धानुक से बातचीत का एक ऑडियो भी दिया है जिसमें सुनील बार-बार थाने बुला रहा है।
एएसपी की जांच के बाद लाइन अटैच किया
इस मामले में पुलिस कप्तान ने जांच का जिम्मा एएसपी शहर दक्षिण हितिका वासल को सौंपा था और उनकी जांच व सिफारिस के आधार पर एसपी ग्वालियर ने गुरूवार रात को टीआई मनीष धाकड़, सिपाही सुनील राजौरिया को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच करने के आदेश जारी कर दिए।

