भारतीय खाद्य निगम के रिश्वतखोर चारों अधिकारी-कर्मचारी निलंबित, विभागीय जांच शुरू

भोपाल. भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गिरफ्तार चार रिश्वतखोर अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो गई है और उन्हें निलंबित करने के आदेश भी जारी कर दिए गए है। नया डिविजनल मैनेजर नवीन कुमार को बनाया गया है। चारों आरोपितों से मिले दस्तावेजों की जांच और पूछताछ सीबीआई की टीम कर रही है। बुधवार को आरोपितों की रिमांड अवधि खत्म होगी।
गुरूग्राम स्थित सुरक्षा एजेंसी कैप्टन कपूर एंड संस की शिकायत पर सीबीआई ने एफसीआई के डिविजनल मैनेजर हर्ष इनायका, मैनेजर (अकाउंट) अरूण श्रीवास्तव, मैनेजर (सिक्यूरिटी) मोहन पराते और क्लर्क किशोर मीणा को गिरफ्तार किया था। इन लोगों ने सुरक्षा एजेंसी के बिल पास करने के एवज में प्रतिमाह 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी, बाद में एक लाख रुपए रिश्वत लेते ये लोग रंगे हाथों धरे गए थे।
क्लर्क मीणा और एक अन्य कर्मचारी संदीप कुमार चौधरी के घर से कुल 3 करोड़ 6 लाख 96 हजार रुपये जब्त किए गए। जानकारी के अनुसार हर्ष इनायका के अजमेर स्थित पैतृक घर से संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए गए है। इनके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
रिमांड अवधि खत्म होने पर आरोपितों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। जानकारों का कहना है कि इनकी रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग की जाएगी क्योंकि डायरियों में मिले नामों के बारे में और अधिक जानकारी एकत्रित की जानी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *