कंपू टीआई ने ट्रक छोड़ने के लिए 10 हजार रुपये ट्रक मालिक ने लगाया आरोप
ग्वालियर. नो एंट्र वसूलने में पुलिस लगातार बदनाम होती रही है इस बार कंपू टीआई का नाम उछला है। एक ट्रक मालिक ने उसका गिट्टी से भरा ट्रक छोड़ने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। ट्रक मालिक ने एसपी ग्वालियर को शिकायत में कहा है कि टीआई मनीष धाकड़ और उनके वाहन के चालक सुनील ने उससे रुपए लिए। बातचीत का एक ऑडियो भी पुलिस कप्तान को दिया है।
क्या है पूरा मामला
इस मामले में कंपू थाना टीआई का कहना है कि इजाजत नहीं होने के बाद भी ट्रक शहर में एंट्री कर रहा था सिर्फ उस पर चालान की कार्रवाई की गई है जिसकी रसीद भी है। ट्रक मालिक पुलिस पर दबाव बनाने के लिए झूठी शिकायत कर रहा है। एसपी ने इस मामले की जांच एएसपी हितिका वासल को सौंपी है।
बिलौआ निवासी राजेन्द्र जाटव ने 2 दिन पहले एसपी ग्वालियर को शिकायत की है। शिकायत में कहा है कि वह नरेश धानुका के साथ साझेदारी में ट्रक एमपी30 एस-0425 चलाता है। 29 से 30 मई की दरमियानी रात ट्रक में बिलौआ से गिट्टी भरकर मुरैना ले जाई जा रही थी। ट्रक चालक रिंकू धाकड़ ट्रक चला रहा था। देर रात 3.30 बजे करीब चिरवाई नाका पर ट्रक को पुलिस ने रोक लिया। उससे कागजात दिखाने को कहा जिस पर ट्रक चालक ने सारे दस्तावेज टीआई कंपू को दिखा दिए इसके बाद ट्रक चालक रिंकू ने ट्रक ले जाने के लिए इजाजत मांगी तो गश्त पर निकले टीआई व उनके वाहन चालक सुनील ने ट्रक को थाने ले जाने के लिए कहा। उनकी बात मानकर रिंकू ने ट्रक को कंपू थाने के सामने खड़ा कर दिया। इसके बाद ट्रक मालिक राजेन्द्र को सूचना देकर बुलाया। थाना पहुंचने के बाद टीआई कंपू मनीष धाकड़, पुलिस वाहन के चालक सुनील राजौरिया से गाड़ी छोड़ने के लिए कहा और सभी दस्तावेज होने की भी बात कही लेकिन वह नहीं माने। पुलिस वाहन के चालक सुनील ने ट्रक छोड़ने के बदले 10 हजार रुपए की मांग रखी। रुपए नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी उस समय गिट्टी मुरैना सही समय पर पहुंचाना जरूरी था इसलिए रुपए देकर गाड़ी को छुड़ाया। शिकायत के साथ ट्रक मालिक ने पुलिस वाहन के चालक सुनील से अपने साझेदार नरेश धानुक से बातचीत का एक ऑडियो भी दिया है जिसमें सुनील बार-बार थाने बुला रहा है।
