मप्र 12वीं बोर्ड परीक्षा भी रद्द, रिजल्ट तैयार करने का तरीका ढूंढने के लिए मंत्री समूह का गठन
भोपाल. कोरोना संक्रमण की वजह से मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने 12वीं की परीक्षाओ को रद्द कर दिया है। इस बाम की जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दी और बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जिस तरह की वर्तमान में परिस्थितियां है उसे देखते हुए 12वीं की परीक्षाएं आयोजित कराना किसी खतरे से कम नहीं होगा। हम करियर की चिंता बाद में कर लेंगे लेकिन पहले हमें बच्चों की जिंदगी बचाना होगा।
12वीं बोर्ड की परीक्षाओं के संबंध में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि 12वीं के छात्रों को किस आधार पर पास किया जाएगा इसके लिए मंत्रियों की एक कमेटी गठित कर दी गई है। मंत्री समूह की कमेटी आंतरिक मूल्यांकन या फिर अन्य आधार पर रिजल्ट तैयार करने का फैसला लेगी। इससे पहले बोर्ड की तरफ से 12वीं की परीक्षाएं 1 मई से आयोजित की जानी थीं लेकिन बढ़ते कोरोना संक्रमण की वजह से आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया था।
वहीं 1 जून से जब प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में कमी आई तो अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई जिसके बाद दावा किया जा रहा था कि बोर्ड द्वारा 12वीं की परीक्षाएं जुलाई में आयोजित की जा सकती है लेकिन मंगलवार को सीबीएसई द्वारा 12वीं की परीक्षा को रद्द कर दिया गया जिसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि मध्य प्रदेश द्वारा 12वीं की परीक्षाओं को रद्द कर दिया जाएगा। इसके अलावा स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने दोपहर में ही परीक्षाओं को स्थगित करने के संकेत दे दिए थे अब तक मप्र, हरियाणा, गुजरात द्वारा 12वीं की परीक्षाएं रद्द की जा चुकी है।
