शहर में सरकारी संपत्ति पर पोस्टर लगाया तो लगेगा जुर्माना
ग्वालियर. नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने निगम अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की और अधिकारियों को निर्देश दिये कि शासकीय सम्पत्ति पर पोस्टर एवं बैनर लगाने वाले लोगों एवं संस्थाओं पर सम्पत्ति विरूपण अधिनियम के साथ ही जुर्माने की भी कार्रवाई की जाए और बैठक में अपर आयुक्त मुकुल गुप्ता सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निगम मुख्यालय स्थित प्रशासनिक भवन में निगमायुक्त श्री वर्मा ने बैठक के प्रारम्भ में सभी अधिकारियों से उनके और उनके परिवार के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और सभी से सावधानी पूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए इसके साथ ही निगमायुक्त श्री वर्मा ने सभी अधिकारियों से उनके परिवार एवं स्टाफ के वेक्सीनेशन के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि जो भी वेक्सीनेशन के लिए रह गया है, तत्काल उसका वेक्सीनेशन करायें।
बैठक में निगमायुक्त श्री वर्मा ने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों पर पदस्थ किये गए नवीन क्षेत्राधिकारियों से कहा कि वह अपने से पूर्व के क्षेत्राधिकारी से उनके द्वारा किये जाने वाले दवा वितरण कार्य, वेक्सीनेशन कार्य, सैनिटाइजेशन सहित अन्य सभी आवश्यक कार्यों को अच्छी तरह से समझ लें और पूरी मेहनत के साथ अपना कार्य करें। निगमायुक्त वर्मा ने यह भी कहा कि जो भी अधिकारी अच्छा कार्य एवं कुछ हटके कार्य करते है वह उन्हें प्रोत्साहित करेंगे। बैठक में निगमायुक्त श्री वर्मा ने अन्य बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।
