जेएएच में ब्लैक फंगस के 53 मरीज भर्ती

ग्वालियर. जयारोग्य अस्पताल के ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइक्रोसिस) वार्ड में अब तक 53 मरीज भर्ती हो चुके है। इनमें ऐसे 10 मरीज जिनका ऑपरेशन हो चुका है और पिछले 15 दिन से नियमित दवा लेकर उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। ऐसे मरीजों को अब डॉक्टर डिस्चार्ज करने का मन बना रहे है। शहर में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या 60 हो चुकी है। राहत की बात यह है कि रविवार को ब्लैक फंगस से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई।
(म्यूकरमाइक्रोसिस) वार्ड के नोडल अधिकारी डॉ. वीपी नार्वे का कहना है कि सोमवार को सभी मरीजों का ऑब्जर्वेशन करने के बाद उन्हें डिस्चार्ज करने टीम के साथ चर्चा की जाएगी। तय किया जाएगा कि इन मरीजों को फालोअप के लिए कितने दिन में बुलाना है और उनके स्वास्थ्य में सुधार अनुसार कब तक उन्हें दवा देना आवश्यक है। इसके बाद इन मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रविवार को एक मरीज के साइनस का ऑपरेशन कर ब्लैक फंगस को निकाला गया वहीं जिन तीन मरीजों में व्हाइट फंगस के टिशू मिले थे उनकी रिपोर्ट अभी लैब से नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *