हनीट्रैप की पेन ड्राइव मेरे पास नहीं लेकिन अब पूरे मप्र में घूम रही- कमलनाथ
मुरैना. हनीट्रैप मामले में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पेन ड्राइव का जिक्र करने के बाद एक बार फिर मामला सुर्खियों में आ गया है। इस संबंध में पुलिस ने नोटिस जारी कर पूछताछ करने की बात भी कही है। उधर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि पेन ड्राइव उनके पास नहीं है लेकिन वह पूरे प्रदेश में घूम रही है। कमलनाथ ने यह बात मुरैना प्रवास के दौरान कही। उन्होंने आगे कहा कि जब मैं प्रदेश का मुख्यमंत्री था तो पुलिस का दायित्व था कि वह चीज मुझे बताए इसी दौरान बाकी जानकारियों के साथ ही यह पेन ड्राइव भी मेरे पास आई थी। अब वह पेन ड्राइव मेरे पास नहीं है लेकिन पूरे प्रदेश में घूम रही है।
हनी ट्रैप मामले में कमलनाथ के बयान पर एसआईटी ने नोटिस जारी किया है। एसआईटी ने पेन ड्राइव की भी मांग की है जिसका कमलनाथ ने 21 जून 2021 को कए ऑनलाइन प्रेस मीट में जिक्र किया था। वहीं कोरोना में सरकारी आंकड़ों को लेकर एक बार फिर कमलनाथ ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सरकार मौत के आंकड़ें छिपा रही है। जनता का इलाज करने की जगह आंकड़ों को मैनेज करने पर फोकस है। यदि हकीकत जानना है तो श्मशान और कब्रिस्तान में जाकर हालत देखों।
कमलनाथ के बयान लिए जाएंगे
थाना प्रभारी थाना किशनगंज इंदौर के TI की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया कि नाथ के पिछले दिए बयान को जांच में शामिल किया गया है। इसका आधार कमलनाथ का सोशल मीडिया और अखबारों में छपे बयान को बनाया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि हनीट्रैप की पेन ड्राइव सबके पास है, तो उनके पास भी है। इस संबंध में 2 जून को मामले की जांच कर रहे अधिकारी दोपहर 12.30 भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित कमनाथ के घर जाएंगे। वे उनके बयान दर्ज करने के साथ ही पेन ड्राइव भी लेंगे।
बयानों के कारण फंसे
कमलनाथ ने हाल ही में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उमंग सिंघार के मामले को लेकर कहा था कि हनीट्रैप की पेन ड्राइव उनके पास भी है। उमंग सिंघार की महिला मित्र सोनिया भारद्वाज का उनके निवास पर ही सुसाइड का मामला था, जिस पर राज्य सरकार ने केस दर्ज किया था। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक व पूर्वाग्रह से ग्रसित बताया था। इसके बाद उज्जैन में भी कमलनाथ ने यह बात दोहराई थी।
