तेज रफ्तार लोडिंग बोलेरो ने बाइक सवारों को रौंदा, दो की मौत

ग्वालियर. शादी से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार लोडिंग बोलेरो ने अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे पर लोडिंग ने पीछे से टक्कर मारी और बाइक को घसीटती हुई 50 मीटर तक ले गई। जब तक गाड़ी रोकी बाइक सवार दोनों पहिए के नीचे कई बार आ चुके थे इसके बाद लोडिंग चालक गाड़ी छोड़कर भाग गए। घटना शनिवार रात मुरार बिजौली में करगंवा गांव के पास हाईवे की है। घायलों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को निगरानी में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शंकर कॉलोनी गोल पहाडि़या निवासी 28 साल के शोभाराम पुत्र दर्शन राजौरिया एक प्राइवेट कंपनी में सुपरवाइजर है। शनिवार को वह अपने दोस्त के फूफा 60 वर्षीय प्रीतम सिंह पुत्र दयाराम निवासी चक शंकरपुर पिछोर के साथ चितौरा में एक रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह बाइक से वापस लौट रहे थे। अभी वह बिजौली में करगंवा गांव के पास हाईवे पर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही लोडिंग यूपी92 एटी-2120 के चालक ने लापरवाही और तेजी से चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों उछलकर लोडिंग के सामने गिरे जिस पर भागने के चक्कर में लोडिंग सवार उनको करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे का पता चलते ही वहां से निकल रहे वाहन सवारों ने पुलिस को सूचना दी साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजवाया लेकिन तब तक उनको बचाया नहीं जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *