निर्णय लिया गया सभी दुकानों को प्रात: 11 से शाम 5 बजे तक खोलने की अनुमति प्रदान की जाए

ग्वालियर कोविड-19 का संक्रमण न बढ़े, साथ ही आर्थिक गतिविधियाँ भी चलती रहें। इसके लिए सभी एहतियाती कदम उठाए जाएं। जिले को अनलॉक करने के लिये रविवार को देर शाम जिला क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं जिले के लिए कोविड प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी के सभी सदस्यगण उपस्थित थे।
क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में ऊर्जा मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ने कहा कि हम सबको अपने जिले को कोरोना मुक्त घोषित कराने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। इसके साथ ही आर्थिक गतिविधियां भी धीरे-धीरे शुरू करना होंगीं। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आवश्यक वस्तुएं जिनमें दूध, सब्जी, किराना, ब्रेड आदि शामिल हैं उनकी दुकानें प्रात: 11 बजे तक खोली जाएं। इसके साथ ही शेष सभी दुकानों को प्रात: 11 बजे से शाम 5 बजे तक खोलने की अनुमति प्रदान की जाए।
शनिवार की रात 10 बजे से सोमवार की सुबह 10 बजे तक जनता कर्फ्यू रहेगा
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी रेस्टोरेंट से होम ‍िडलेवरी की अनुमति प्रदान की जाए। इसके साथ ही शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन में जो तय किया गया है उसका पालन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक में कहा कि क्राइसेस मैनेजमेंट समिति के सदस्यों द्वारा जो महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं उसका विस्तृत प्लान बनाकर शासन की स्वीकृति हेतु भेजा जायेगा। शासन से स्वीकृति उपरांत उसे अमल में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार शनिवार की रात 10 बजे से सोमवार की सुबह 10 बजे तक जनता कर्फ्यू रहेगा। इसके साथ ही सप्ताह में दो दिन बाजार बंद रखने के प्रस्ताव पर भी शासन को प्रस्ताव भेजकर स्वीकृति प्राप्त की जायेगी।
बैठक में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, सीईओ जिला पंचायत किशोर कान्याल, एडीएम रिंकेश वैश्य, टीएन सिंह सहित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *