मप्र में 1 जून से अनलॉक की गाइडलाइन, प्रत्येक शनिवार रात 10 से सोमवार सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू रहेगा
भोपाल. मध्य प्रदेश में 1 जून से प्रदेश में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो रही है। सरकार ने अनलॉक की राज्य स्तरीय गाइडलाइन सभी जिलों की क्राइसिस मैनेजमेंट समूहों को भेज दी है इसके अनुसार प्रदेश में किराना दुकानें खुल जाएंगी। स्कूल-कॉलेज, सिनेमा हॉल व शॉपिंग मॉल अभी बंद ही रहेंगे। प्रत्येक शनिवार रात 10 से सोमवार सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। सरकार ने 5 प्रतिशत ज्यादा साप्ताहिक संक्रमण दर वाले और इससे कम संक्रमण दर वाले जिलों के लिए अलग-अलग गाइडलाइन जारी की है। इंदौर, भोपाल, सागर और मुरैना में संक्रमण दर 5 प्रतिशत से ज्यादा है।
गृह विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार 30 मई को शाम तक सभी क्राइसिस मैनेजमेंट समूह चर्चा कर अनलॉक प्रक्रिया के संबंध में निर्णय लेकर 31 मई को हर जिले में आदेश जारी करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि यदि कहीं भी संक्रमण बढ़ता है तो प्रतिबंध पुनः लागू किया जाएंगे।
कंटेनमेंट जोन बनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संक्रमण के अनुसार रेड, ग्रीन व यलो जोन बनाए जाएं और उसके अनुसार प्रतिबंध लागू रहें। दो या चार घरों पर भी माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए जा सकते है। संक्रमण को किसी भी हालत में फैलने ना दें।
गांवों को 3 जोन में बांटा
जिन गांवों में एक भी संक्रमित नहीं है उसे ग्रीन जोन में रखा गया है। जहां 4 से कम केस है उन गांवों को यलो जोन में रखा गया है इसके लिए अनलॉक के अलग नियम बनाए गए है। इसी तरह 5 या इससे अधिक केस वाले गांव को रेड जोन में रखा गया है। रेड जोन और शहरों के माइक्रो कंटेनमेंट जोन में अलग नियम के अनुसार गतिविधियां हो सकेंगी।
