ट्रेन की स्पीड से ढहा गया रेलवे स्टेशन भवन, 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरी पुष्पक एक्सप्रेस
बुरहानपुर. नेपानगर से असीगढ़ के बीच बड़ा हादसा टल गया, यहां जंगल में स्थित चांदनी रेलवे स्टेशन भवन पुष्पक एक्सप्रेस तेज रफ्तार से गुजरने से हुए कंपन के बाद भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि इसमें जनजानि नहीं हुई। हादसे के वक्त ट्रेन की स्पीड करीब 110 किमी प्रति घंटे थी और, लेकिन रोजाना सामान्य तौर पर ट्रेन इसी रफ्तार से गुंजरती है। देश में संभवतः ऐसी पहली घटना है जिसमें रेलवे स्टेशन का भवन ट्रेन गुजरने से गिरा हो।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 4 बजे नेपानगर से करीब 5 किमी दूर चांदनी रेलवे स्टेशन से तेज गति से पुष्पक एक्सप्रेस गुजर रही थी। ट्रेन के गुजरने के दौरान स्टेशन भवन की दीवारों में कंपन होने लगा। देखते ही देखते सामने का हिस्सा ढह गया। कंपन इतना तेज था कि स्टेशन अधीक्षक कक्ष की खिड़कियों के कांच फूट गए। बोर्ड टूटकर नीचे गिर गए और मलबा प्लेटफॉर्म पर बिखर गया, मौके पर तैनात एएसएम प्रदीप कुमार पवार ट्रेन को हरी झंडी दिखाने बाहर निकले लेकिन वह भवन गिरता देख दूर हो गए।
चांदनी रेलवे स्टेशन मुंबई-दिल्ली रेलवे का सबसे व्यस्ततम मार्ग है। हादसे के बाद शाम को चार ट्रेनों को आउटर पर रोका गया। धीरे-धीरे एक-एक ट्रेन को निकाला गया। जिले का ये स्टेशन 2007 में बना था। देर शाम एडीआरएम मनोज कुमार सिन्हा इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के बाद सभी ट्रेनें नियमित चल रही है।
