मप्र में अनलॉक के बाद भी धारा 144 लागू रहेगी, शादी में 20 लोगों को ही अनुमति- सीएम शिवराज सिंह
भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कोरोना अनलॉक के संबंध में नागरिकों से सुझाव भी मांगे। सीएम ने कहा कि भले ही संक्रमण दर कम हो रही है लेकिन इंदौर और भोपाल में अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है, उन्होंने लोगों से कहा कि अभी वायरस समाप्त नहीं हुआ है और हमें अभी भी सतर्कता बरतने की जरूरत है, वहीं आर्थिक गतिविधियां 1 जून से धीरे-धीरे खेलेंगे क्योंकि कोरोना कर्फ्यू अनंतकाल तक नहीं रह सकता।
प्रदेश में भीड से बचने के लिए धारा 144 पहले की तरह ही लागू रहेगी
सीएम ने बताया कि वैवाहिक कार्यक्रमों की अनुमति होगी लेकिन वर-वधु दोनों पक्षों से सिर्फ 10-10 लोग ही शामिल हो पाएंगे। शादी समारोह में आने वाले लोगों के लिए कोरोना निगेटिव टेस्ट अनिवार्य होगा। कार्यक्रम में सरकार टेस्टिंग के लिए व्यवस्था करेगी। सीएम ने बताया कि प्रदेश में भीड से बचने के लिए धारा 144 पहले की तरह ही लागू रहेगी।
गांव, ब्लॉक व जिलों को लेकर 30-31 मई को होगी बैठक
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए है कि जिला, ब्लॉक व गांव स्तर पर बनी क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुपों की बैठक 30-31 मई तक कर निर्णय लें कि 1 जून से क्या खुलेगा और क्या बंद रहेगा। उन्होंने कलेक्टरों से कहा है कि इन समूहों की बैठकें समय पर हो जाएं यह सुनिश्चित कर लिया जाए इसके लिए रोडमैप तैयार किया गया है।
गांव से लेकर जिले तक क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप ने संभाली जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम स्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप में सरपंच-पंच, सामाजिक-राजनैतिक कार्यकर्ता, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं, पटेल, मुकद्दम, ए.एन.एम. और चौकीदार अर्थात ग्राम स्तर का अमला जुटा। जो भी निर्णय हमने लिए वे विक्रेन्द्रित तरीके से लिए। ग्राम स्तर पर कोरोना कर्फ्यू कैसे लगेगा इसका निर्णय ग्राम स्तर पर लिया गया। गांव में आना-जाना ग्रामीणों ने बंद किया, गांव में कौनसी गतिविधि चलेगी, काम कैसे चलेगा इसका तरीका गांव वलों ने तय किया। क्राइसिस मैनेजमेंट की टीम सर्वे दलों के साथ घर-घर पहुंची। ये टीमें अरग घर-घर नहीं जाती तो कई लोगों के सर्दी, खांसी, जुकाम का पता हीं नहीं चलता। ग्रामस्तर पर यह योगदान अमूल्य है, इसी प्रकार शहरों में वार्ड के क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप ने वार्ड स्तर की व्यवस्थाएं संभाली है। जनपद स्तर पर वहां के क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप ने व्यवस्थाएं संभाली।
भीड़, मेले, ठेलों व आयोजनों से अभी बचना होगा
सीएम ने कहा कि मप्र का मॉडल जन-भागीदारी का मॉडल है और इसी मॉडल के कारण संक्रमण की दर को नियंत्रित करने में सफलता मिली लेकिन अभी लम्बा रास्ता तय करना है और कोरोना कर्फ्यू अभी लागू है पर यह अनंत काल तक लागू नहीं रह सकता। हमने तय किया है कि 1 जून से धीरे-धीरे आर्थिक गतिविधियां खोलेंगे। कोरोना का वायरस रहेगा अतः अभी पूरी सावधानी से गतिविधियों का संचालन आवश्यक है। भीड़, मेले, ठेलों के आयोजनों से अभी बचना होगा। यदि हमने यह नहीं किया तो संक्रमण को बढ़ने में देर नहीं लगेगी और हम पुनः संकट में फंस जाएंगे।
