जिस लोटस अस्पताल ने कोविड नियमों के तहत इलाज नहीं किया, महिला मरीज से दुष्कर्म का प्रयास किया गया, स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई के बाद नया पंजीयन किया
ग्वालियर. निजी अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग दोनों ही गजब है जिस लोटस अस्पताल ने कोविड नियमों के तहत इलाज नहीं किया, मेडिकल वेस्ट खुले में फेंका और महिला मरीज से दुष्कर्म का प्रयास किया गया उसका नाम बदल गया है। अब नाम बदलकर इस अस्पताल को खुद स्वास्थ्य विभाग ने स्टार अस्पताल बना दिया है। इसी अस्पताल ने शहरभर को बदनाम कर दिया था और यहीं नहीं बल्कि छापेमारी के बाद पंजीयन निरस्त होने वाले अस्पतालों में न्यू लाइफ केयर का भी यही हाल है। यहां दोबारा जांच में पंजीयन निरस्त के बाद भी पांच नए मरीज मिले और ओपीडी चलाई जा रही थी। उधर वैष्णवी अस्पताल में मरीज को जबरन डिस्चार्ज किया और मौत हुई लेकिन नोटिस देकर विभाग भूल गया। हकीकत में जिन-जिन अस्तपालों पर कार्रवाई हुई वहां नियम कायदों को परखने के लिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने पलटकर नहीं देखा।
लोटस अस्पताल अब नए नाम से खुला
हॉस्पिटल रोड स्थित लोटस अस्पताल में कुछ दिन पहले ही कोविड केयर सेंटर में मामला सामने आया था। यहां एक महिला के साथ अस्पताल के ही कर्मचारी ने दुष्कर्म का प्रयास किया था। इस कारण कोविड के पीक संक्रमण के दौरान पूरे शहर की छवि खराब हुई। स्वास्थ्य विभाग ने जांच की और नोटिस जारी किया गया। जांच के बाद पंजीयन निरस्त कर दिया था। अब लोटस अस्पताल ने स्टार अस्पताल के नाम से नया पंजीयन करा लिया और लोटस के बोर्ड के आगे काला कपड़ा लगा दिया है। वहीं व्यवस्थाएं और वहीं सब लेकिन नाम बदलने से क्या सब बदल गया, यह स्वास्थ्य विभाग के सामने सवालिया निशान है।
