बाल-बाल बचा वन अमला, बचाव में अमले ने की हवाई फायरिंग, माफिया एक ट्रैक्टर लेकर मौके से हुए फरार
मुरैना. जिले के रेत माफिया के हौसले बुलन्द हैं वह अब वन अमले पर हमला करने तक में पीछे नहीं हट रहे हैं। यह घटना सुबह 8 बजे की है। वन अमले ने पूर्व मंत्री रूस्तमसिंह की कोठी के पास, धौलपुर रोड पर 2 अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ने की कोशिश की तो चालक ने वन अमले पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस हमले में वन अमला बाल-बाल बच गया। वन अमले में मौजूद वन आरक्षकों ने अपनी जान पर बन आते देख तुरंत हवाई फायर किये और इसके बावजूद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली तेज रफ्तार से भागते हुए लेकर भाग जाने में कामयाब हो गये। वन अमले ने दूसरी ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
वनअमले के साथ विभाग की एसडीओ श्रद्धा पांढरे भी मौजूद थीं। वे वन अमले का नेतृत्व केर रहीं थीं। रोज की तरह वे अमले के साथ सुबह धौलपुर हाईवे स्थित पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह की कोठी के पास ही पहुंची थीं। तभी धौलपुर की तरफ से 2 ट्रैक्टर ट्रॉली रेत से भरी तेज रफ्तार में आती दिखाई दीं। उन्होंने तुरंत वन आरक्षकों से ट्रैक्टर ट्रॉली रुकवाने के लिए कहा। अपने को फंसता देख सबसे आगे चलने वाले ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा दी और सड़क किनारे खड़े वन अमले पर ट्रैक्टर चढ़ाना चाहा। इस बात को वन आरक्षक समझ गए और वे सड़क के किनारे मौजूद गड्ढों में गिर पड़े। अपनी जान पर बनती देख आरक्षकों ने तुरंत हवाई फायर कर दिए। इसके बावजूद ट्रैक्टर चालक रुका नहीं और ट्रैक्टर ट्राली तेज रफ्तार में भगाता हुआ ले गया। वन अमला खड़ा देखता रह गया। उसके पीछे दूसरी ट्रैक्टर ट्रॉली साथ ही लगी चली आ रही थी। उसका ड्राइवर ट्रैक्टर ट्रॉली को छोड़कर भाग खड़ा हुआ। इस प्रकार इस बार केवल एक ट्रैक्टर ट्रॉली ही वन अमले के हाथ लग सकी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
इस घटना के बाद संबंधित थाना सिविल लाइन की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रैक्टर ट्रॉली को लाकर देवरी वन डिपो में खड़ा करवाया। इस बात को शायद सिविल लाइन थाना पुलिस भी समझ चुकी है कि उन्हें वन अमले की मदद करना होगी। कुछ दिनों पूर्व इसी थाने के एक प्रधान आरक्षक का वन अमले को धमकी देने का वीडियो वायरल हो गया था। उसके बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने थाना प्रभारी समेत पूरे थाने की क्लास ले ली थी। जिसके परिणामस्वरूप अब, थाना प्रभारी समेत अन्य स्टाफ वन अमले का सहयोग करने लगा है।
एसडीओ श्रद्धा पांढरे ने कहा हैकि आज वन अमले पर ट्रैक्टर ट्रॉली चढ़ाने की पूरी कोशिश की थी। अगर वन अमला पीछे नहीं हटता तो कई आरक्षक ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ जाते। मजबूरन वन अमले को हवाई फायरिंग करना पड़ी है। उन्होंने कहा है कि रेत माफिया उनको डराना चाहते हैं लेकिन वह पीछे नहीं हटेंगी और यह कार्यवाही लगातार चलती रहेगी।
