शहर में कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराने उतरी पुलिस, 3 दर्जन ऑटो व विक्रम को थाने पहुंचाया

ग्वालियर. तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए अब पुलिस सख्ती पर आ गई है। जैसे ही रियायतों का समय खत्म हुआ पुलिस ने जो भी सड़क पर मिला उससे पूछताछ की और जिस पर कारण नहीं मिला उनसे जुर्माना वसूला। वहीं प्रतिबंध के बाद भी सड़कों पर दौड़ रहे ऑटो और विक्रम भी थाने पहुंचा दिए और उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की। 9 बजे से 10 बजे के बीच गोला का मंदिर थाना पुलिस ने 30 से ज्यादा विक्रम व ऑटो थाने पहुंचा दी।
टीआई गोला का मंदिर विनय शर्मा ने बताया कि पिछले तीन दिनों से ऑटो व टेम्पो चालकों को 9 बजे के बाद सडकों पर ना निकलने की समझाइश दी जा रही थी लेकिन कई बार की समझाइश के बाद भी दिन भर चौराहों और सड़कों पर जमघट लगा रहा। आज सुबह पुलिस कप्तान के निर्देश पर गोला का मंदिर चौराहे पर एकत्रित हुए करीब तीन दर्जन टेम्पो व ऑटो एक घंटे में थाने पहुंचा दिए।
सिफारिशी फोन अफसरों के पास पहुंचे
ऑटो और विक्रम थाने पहुंचते ही कई लोगों के सिफारिशी फोन थाना प्रभारी और अन्य अफसरों के पास पहुंचे लेकिन उनका एक ही जबाव था कि नियत समय के बाद भी यह नहीं मानते है और इन्हीं के कारण कोरोना की चेन तोड़ना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने सभी चालकों का चालान कर कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *