10 से 12 दिन में शुरू होगा 2 से 18 साल के बच्चों के लिए कोवैक्सीन का ट्रायल
नई दिल्ली. अब जल्द ही 18 से कम उम्र के बच्चों को कोविड-19 से सुरक्षा के लिए टीका लगना शुरू हो जाएगा। दरअसल भारत सरकार ने 2 से 18 साल के बच्चों पर कोविड के टीके के ट्रायल की अनुमति दे दी है और इसके लिए डीजीसीआई ने सिर्फ भारत बायोटैक के वैक्सीन को फेज 2 और 3 के ट्रायल की मंजूरी दी है। नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने बताया कि 10 से 12 दिन के अंदर देश में 2 से 18 साल के बच्चों के लिए कोवैक्सीन का ट्रायल शुरू हो जाएगा।
11 मई को डीजीसीआई ने बच्चों पर कोवैक्सीन के क्लीनिकल ट्रायल की अनुमति दे दी थी इसके लिए सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन ने सिफारिश की थी जिसके बाद क्लीनिकल ट्रॉयल की अनुमति दी गई। अब दूसरे और तीसरे चरण का ट्रायल शुरू होने वाला है। बता दें कि भारत बायोटेक ने पिछले साल ही 5 से 18 साल तक के बच्चों के वैक्सीन के लिए क्लीनिकल ट्रायल की अनुमति मांगी थी लेकिन उस वक्त सेंट्रल ड्रग रेग्यूलेटर ने उनकी अर्जी को ये कहते हुए खारिज कर दिया था कि वह पहले वयस्कों पर वैक्सीन के प्रभाव से संबंधित आंकड़े पेश करे।
इस मौके पर डॉ. वीके पॉल ने बताया कि सिंगापुर से आनेवाले कोविड वैरिएंट और इसके संभावित असर पर नजर रखी जा रही है और उन्होंने कहा कि कोरोना के उपचार में एंटी कोविड ड्रग 2 डीजी को शामिल करने पर भी विचार किया जा रहा है, फिलहाल ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने आपातकालीन उपयोग के लिए ही इसे अनुमति दी है।
