मानवाधिकार आयोग का शिवराज सरकार को नोटिस, कोरोना की तीसरी लहर आई तो उससे निपटने के लिए क्या तैयारी, 28 मई तक जवाब मांगा
भोपाल. मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने शिवराज सरकार को नोटिस जारी करते हुए पूछा है कि कोरोना की तीसरी लहर आती है तो इससे निपटने के लिए क्या तैयारी की गई है। कोरोना महामारी के अलावा ब्लैक फंगस के इलाज को लेकर भी जानकारी देने को कहा गया है। यह नोटिस कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा की याचिका पर संज्ञान लेते हुए दिया गया है। आयोग के अध्यक्ष जस्टिस नरेंद्र जैन ने स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को भेजे गए नोटिस में 6 बिंदुओं पर जानकारी मांगी है। याचिका में इसके लिए 28 मई तक जवाब देने को कहा गया है। इस नोटिस में कोरोना के इलाज और मौतों की जानकारी के अलावा जीवन रक्षक दवाओं की कालाबाजारी रोकने के उपाय पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
याचिका में कहा गया है कि कोविड-19 के साथ अब ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) के भी मामले सामने आने लगे है। इंदौर, भोपाल और जबलपुर जैसे शहरों में इससे बड़ी संख्या में मरीज मर रहे है। प्रशासनिक व्यवस्थाएं कम पड़ रही है जिसकी आड़ में अव्यवस्था फैलती जा रही है। चाहे वी चिकित्सा का क्षेत्र हो या फिर नागरिग आपूर्ति जैसा महत्वपूर्ण क्षेत्र, सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर्स व नर्सेस की कमी, ऑक्सीजन और वेन्टीलेटर्स की कमी, दवाइयों की कमी की आड में नकली दवाईयों की सप्लाई जैसी कितनी ही समस्याओं से प्रदेश जूझ रहा है।
याचिका में कहा गया कि प्रदेश में कई मरीजों को जरूरी दवाईयां नहीं मिल पा रही है। अस्पतालों में मरीजों को नकली इंजेक्शन दिए जा रहे है जिससे उनकी मौतें हो रही है। पता ही नहीं चल रहा है कि मौत बीमारी से है या नकली दवाओं से, सरकार इसके कोई आंकड़े जारी नही कर रही है।
