रात को हुए शॉर्ट एनकाउंटर में कानपुर का शातिर गैंगस्टर मोहित जादौन व ग्वालियर का बदमाश बनवारी जाटव पुलिस से बच निकले
ग्वालियर. एनकाउंटर में ग्वालियर के दो शातिर बदमाश विक्की जखौदिया, प्रशांत जाट पैर में गोली लगने पर घायल होने के बाद पकड़े गए है। पकड़े जाने के बाद इनके इरादों का पता लगते ही पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई। विक्की और प्रशांत ने हाल ही में कानपुर यूपी के कुछ बदमाशों के साथ मिलकर इंटरस्टेट गैंग बनाई। इनका सपना कानपुर के गैंगस्टर विकास दुबे की तरह बनना था। यह चाहते थे कि इनके नाम से पुलिस के बड़े-बड़े अफसर भी थर्रा जाएं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को इन दोनों की तलाश थाटीपुर में संदीप जाटव हत्याकांड में थी। इन बदमाशों को अगले 15 दिन में दो हत्याएं करनी थी। एक तो संदीप हत्याकांड के गवाह लल्ला और दूसरा कानपुर का एक बदमाश है इसके बाद गैंग को मजबूत करने के लिए बड़ी लूट को अंजाम देना था।
उप्र का बदमाश बच निकला
सोमवार रात को 12 बजे भिंड रोड से लूटी गई एक्सयूवी कार लेकर यह बदमाश निकले तो इनके आगे एक विटारा ब्रेजा कार भी दौड़ रही थी। लाल रंग की विटारा में दो बदमाश भी थे। पुलिस को भटकाने के लिए दोनों गाडि़यों ने मालनपुर से अलग-अलग रास्ता पकड़ लिया। लूटी गई एक्सयूवी को लेकर बदमाश मेहगांव की तरफ निकले। पुलिस का टारगेट भी यही लूटी गई एक्सयूवी गाड़ी थी इसलिए पुलिस इसी गैंग के पीछे लग गई। पर लाल रंग की विटारा ब्रेजा कार जो दूसरे रास्ते पर निकल गई उसमें उप्र के कानपुर का शामिर गैंगस्टर मोहित जादौन और ग्वालियर का एक अन्य बदमाश बनवारी जाटव सवार था। यह पुलिस के हाथ नहीं आए है। मोहित की यूपी में हत्या और लूट में तलाश है।
