ग्वालियर में एक ही दिन में ब्लैक फंगस से जेएएच में तीन मरीज में से दो की मौत
ग्वालियर. कोरोना की दूसरी लहर के बाद अब शहर में ब्लैक फंगस कहर बरपाने लगा है। ब्लैक फंगस से शहर में एक ही दिन में दो मौत के मामले सामने आए है जिसको लेकर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पैर फूल रहे है, क्योंकि ब्लैक फंगस को रोकने या खत्म करने वाली दवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इस कारण मरीज ब्लैक फंगस के तेजी से शिकार हो रहे है। वहीं जयारोग्य अस्पताल में भर्ती 3 मरीजों को भी ब्लैक फंगस की शिकायत पाई गई है जबकि लक्षण आधा दर्जन मरीजों में देखने को मिले है। इसके अलावा शहर के 4 अस्पतालों में भी ब्लैक फंगस के शिकार 2 दर्जन मरीज भर्ती हैं और डेढ़ दर्जन से अधिक मरीजों का ऑपरेशन से ब्लैक फंगस निकाला जा चुका है।
नाका चंद्रबदनी निवासी 43 वर्षीय रमादेवी की सिम्स अस्पताल में रविवार की सुबह लगभग 4 बजे ब्लैक फंगस से मौत हो गई। डॉ. अनुराग सिकरवार का कहना है कि रात को अचानक ऑक्सीजन लेवल गिरा तो उन्हें हाईफ्लो ऑक्सीजन के बाद वेंटिलेटर पर रखा गया पर सुबह 4 बजे उन्होंने दम तोड दिया।
नवजीवन अस्पताल में भर्ती शिवपुरी निवासी कृष्णा अग्रवाल की ब्लैक फंगस की वजह से रविवार को मौत हो गई। नवजीवन अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि महिला कोरोना पॉजिटिव थी और भर्ती के समय उसे ब्लैक फंगस की शिकायत थी जिसके चलते वह दिल्ली इलाज के लिए भी जा चुकी थी। ईएनटी डॉ. रविन्द्र बंसल का कहना है कि कृष्णा के ब्रेन में ब्लैक फंगस पहुंच चुका था इसलिए उसका ऑपरेशन संभव नहीं था।
मुरैना के यशवीर सिंह 14 मई को सिम्स अस्पताल में कोरोना संक्रमण के चलते भर्ती हुए थे और उनकी आंखों पर सूजन आने से दिखाई देना बंद हो गया था। जब जांच कराई तो पता चला कि ब्लैक फंगस नाक से होता हुआ ब्रेन तक जा पहुंचा जिसका उपचार शहर में होना संभव नहीं था इसके चलते उन्हें दिल्ली अपोला रेफर कर दिया गया।
