शहर में लॉकडाउन में ताबड़तोड़ फायरिंग, निगम के हेल्थ ऑफिसर के घर पर किया हमला, फेंके पत्थर
मुरैना. कोरोना संक्रमण की वजह से मुरैना में लॉकडाउन है इसके बावजूद गुंडों के हौसले बुलंद है। पाबंदियों के बावजूद पुलिस को चुनौती दे रहे है। शुक्रवार को स्टेशन रोड नेकसिया वाली गली उत्तमपुरा क्षेत्र में रंजिश के चलते वाल्मीकि समाज के कुछ लोगों ने नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी जगदीश टैगोर पर हमला कर दिया। गुंडों ने दिनदहाड़े जगदीश के घर पर पत्थर फेंके और जमकर कट्टे व बंदूकों से फायरिंग भी की। पुलिस ने मामले में चार लोगों को पकड़ा है। आधे घंटे तक इलाके में दहशत फैली रही और मोहल्ले में किसी ने इसका वीडियो बना लिया।
जानकारी के अनुसार लॉकडाउन की वजह से उत्तमपुरा में सुबह लोग घरों में ही थे। दोपहर करीब 2 बजे 15 से 20 हमलावर नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी जगदीश टैगोर के दरवाजे पर पहुंच गए। हमलावरों ने परिवार के लोगों को गालियां देना शुरू कर दिया और उन्होंने दरवाजों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिए इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सभी के हाथों में कट्टे व हथियार थे। करीब आधा घंटे तक हमलावरों ने जमकर फायरिंग की। इस हमले का किसी ने वीडियो बना लिय बाद में वह वीडियो पुलिस को सौंप दिया।
4 आरोपी गिरफ्तार
इस घटना के घंटे भर बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटना के मुख्य 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है इसके अलावा घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
