मप्र में जारी रहेगा लॉकडाउन, एमपी बोर्ड के एग्जाम भी नहीं होंगे, 12वीं पर फैसला जल्द- सीएम शिवराज सिंह

भोपाल. मध्यप्रदेश में मई माह में फिलहाल लॉकडाउन बढ़ना तय है इसके संकेत मुख्यमंत्री ने दे दिए है। शिवराज सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश में कोरोना की रफ्तार धीरे-धीरे कम हो रही है लेकिन मई माह में ढिलाई नहीं होगी बल्कि सख्ती जारी रहेगी। इसकी शुरूआत धार, रतलाम, सिंगरौली और अशोकनगर से हो गई है। यहां 24 मई की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। शादियों व बड़े सार्वजनिक आयोजनों पर लंबे समय तक प्रतिबंध रहेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण का साप्ताहिक औसत 14 प्रतिशत है यानी अभी स्थिति सामान्य नहीं है। जिलों में लॉकडाउन जारी करने के लिए क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप फैसला लें। स्थानीय परिस्थिति और संक्रमण दर देखें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन जिलों में संक्रमण की दर 5 प्रतिशत से कम है वहां क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप गंभीरता से विचार करें कि छूट कितनी और कब देना है क्योंकि जरा सी लापरवाही के चलते संक्रमण फिर बढ़ सकता है।
जिन जिलों में संक्रमण कम वहां छूट देने के लिए शासन को भेजें प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जिलों में संक्रमण की दर कम है वहां शनिवार व रविवार को बैठक कर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजें। मुख्यमंत्री कोविड उपचार योजना के तहत निःशुल्क इलाज की मॉनिटरिंग भी जिला क्राइसिस ग्रुप को करना है।
12 की प्रायोगिक परीक्षाएं टालीं
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं प्रायोगिक परीक्षाओं को अगले आदेश तक टाल दिया है। ये परीक्षाएं 20 मई को होने वाली थी। मंडल के आदेश के अनुसार परीक्षाओं की तारीख के बारे में बाद में घोषणा की जाएगी। मध्य प्रदेश में कोरोना महामारी के बीच 10वीं का रिजल्ट सीबीएसई की तर्ज पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर बनाने सहमति बन चुकी है। ये निर्णय एमपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर 28 अप्रैल को औपचारिक बैठक में लिया जा चुका है। दरअसल 10वीं बोर्ड परीक्षा पास करने के बाद स्टूडेंट दूसरे राज्यों यानी महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली में सीबीएसई बोर्ड के स्कूल में एडमिशन लेते है इसलिए भविष्य को ध्यान में रखकर ही अंतिम निर्णय लिया गया है।
एंटी ब्लैक फंगस इंजेक्शन सरकार उपलब्ध कराएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लैक फंगस बीमारी का इलाज सरकार निःशुल्क कराएगी। उन्होंने जिलों के क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप से कहा है कि वे इस बीमारी की दवा और इंजेक्शन की कालाबाजारी ना हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार एंटी ब्लैक फंगस इंजेक्शन उपलब्ध कराएगी इसके लिए कई फार्मा कंपनियों से बात चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *